भारतीय महिला टीम का कमाल! ऑस्ट्रेलिया को 5 विकेट से हराकर वर्ल्ड कप फाइनल में प्रवेश
नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 के दूसरे सेमीफाइनल में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 5 विकेट से हराकर इतिहास रच दिया। इस शानदार जीत के साथ टीम इंडिया तीसरी बार टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंच गई है। अब 2 नवंबर को भारत का सामना साउथ अफ्रीका से होगा।
यह मुकाबला रोमांच और रिकॉर्ड से भरा रहा। ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 49.5 ओवर में 338 रन बनाए थे। जवाब में भारतीय टीम ने जेमिमा रोड्रिग्ज की शानदार शतकीय पारी की बदौलत 48.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। यह महिला वनडे क्रिकेट इतिहास का सबसे बड़ा रन चेज है। इससे पहले सबसे बड़ा सफल लक्ष्य (330 रन) इसी साल ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ हासिल किया था।
???? ऑस्ट्रेलिया की पारी – लिचफील्ड का शतक और गार्डनर का धमाल
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने जोरदार शुरुआत की। फोएब लिचफील्ड ने 93 गेंदों में 119 रन की बेहतरीन पारी खेली, जबकि एलिस पैरी ने 77 रन जोड़े। दोनों के बीच 155 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई। हालांकि, अमनजोत कौर ने लिचफील्ड को आउट कर भारत को बड़ी सफलता दिलाई। अंत में एश्ले गार्डनर ने तेज़ 63 रनों की पारी खेली और टीम का स्कोर 300 के पार पहुंचाया।
भारत की ओर से श्री चरण और दीप्ति शर्मा ने दो-दो विकेट चटकाए, जबकि अमनजोत कौर, क्रांति गौड़ और राधा यादव को एक-एक सफलता मिली।
???? भारत की जीत की नायिका – जेमिमा रोड्रिग्ज
लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत थोड़ी कमजोर रही। शैफाली वर्मा (10) और स्मृति मंधाना (24) जल्दी पवेलियन लौट गईं। इसके बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर और जेमिमा रोड्रिग्ज ने पारी को संभालते हुए तीसरे विकेट के लिए 167 रन की साझेदारी की। हरमनप्रीत 89 रन बनाकर आउट हुईं, लेकिन जेमिमा ने टीम को जीत की राह पर बनाए रखा।
जेमिमा रोड्रिग्ज ने 127 रन की नाबाद मैच-विनिंग पारी खेलते हुए टीम इंडिया को शानदार जीत दिलाई। अंत में ऋचा घोष ने 24 रन की तेज़ पारी खेलकर भारत को फाइनल में पहुंचाया।
इस जीत के साथ भारत ने न सिर्फ वर्ल्ड कप फाइनल में जगह बनाई, बल्कि महिला क्रिकेट इतिहास में सबसे बड़े रन चेज का नया रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।






