Home » मध्य प्रदेश » मध्यप्रदेश की लाड़ली बहनों के खातों में 1500-1500 रुपए ट्रांसफर, जानें कैसे करें स्टेटस चेक

मध्यप्रदेश की लाड़ली बहनों के खातों में 1500-1500 रुपए ट्रांसफर, जानें कैसे करें स्टेटस चेक

भोपाल: मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में बीजेपी की बड़ी कामयाबी की वजह बनी लाड़ली बहना योजना को एक बार फिर बड़ा तोहफा मिला है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने योजना की राशि बढ़ाकर अब ₹1500 प्रति माह कर दी है। उन्होंने गुरुवार को सिवनी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एक क्लिक में 1 करोड़ 26 लाख 36 हजार बहनों के खातों में ₹1857 करोड़ की राशि ट्रांसफर की। पहले इस योजना के तहत लाभार्थियों को ₹1250 प्रति माह मिलते थे।

सीएम मोहन यादव ने दी जानकारी

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट करते हुए लिखा,

“मेरी बहनों, अब से हर महीने आपके खाते में आएंगे ₹1500। आज सिवनी से 1.26 करोड़ से अधिक लाड़ली बहनों के खातों में ₹1857 करोड़ से अधिक की राशि सिंगल क्लिक से ट्रांसफर की गई। सभी बहनों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं।”

अब तक 44,900 करोड़ रुपए ट्रांसफर

लाड़ली बहना योजना की शुरुआत में महिलाओं को हर महीने ₹1000 दिए जाते थे, जिसे धीरे-धीरे बढ़ाकर अब ₹1500 कर दिया गया है। अब तक 29 किस्तों में कुल ₹44,900 करोड़ से अधिक की राशि लाभार्थियों के खातों में भेजी जा चुकी है। नई वृद्धि से सरकार पर हर साल करीब ₹3810 करोड़ का अतिरिक्त वित्तीय भार पड़ेगा।
हालांकि कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने महिलाओं को ₹3000 प्रतिमाह देने का वादा किया था, जो अब तक पूरा नहीं हुआ है।

ऐसे करें स्टेटस चेक

इस महीने लाभार्थियों के खाते में 30वीं किस्त के रूप में ₹1500 भेजे गए हैं। अगर किसी को मैसेज नहीं मिला है, तो वे cmladlibahna.mp.gov.in पोर्टल पर जाकर “आवेदन एवं भुगतान की स्थिति” सेक्शन में अपना समग्र आईडी या रजिस्ट्रेशन नंबर डाल सकते हैं।
इसके बाद ‘Get OTP’ पर क्लिक करें, मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी डालें और खाते की भुगतान स्थिति देख सकते हैं।

अगर पैसे नहीं आए तो ये हो सकती हैं वजहें

अगर किसी लाभार्थी के खाते में ₹1500 की राशि नहीं आई है, तो इसके कई संभावित कारण हो सकते हैं —

  • बैंक खाते का ई-केवाईसी पूरा नहीं हुआ हो।
  • आधार कार्ड बैंक खाते से लिंक न हो।
  • लाभार्थी योजना की पात्रता शर्तें पूरी न कर रही हों।
  • लाड़ली बहना योजना का ई-केवाईसी अधूरा हो।

ऐसी स्थिति में संबंधित लाभार्थी अपने नजदीकी लाड़ली बहना केंद्र या जनसेवा केंद्र में जाकर समस्या का समाधान करा सकती हैं।

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This