दिल्ली में दर्दनाक हादसा: बारिश के पानी में डूबने से 7 साल के मासूम की मौत, छोटे भाई के साथ घर से निकला था
दिल्ली के समयपुर बादली इलाके में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में सात वर्षीय बच्चे की बारिश के पानी में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान रेहान के रूप में हुई है, जो संजय कॉलोनी का रहने वाला था और तीसरी कक्षा का छात्र था।
पुलिस के अनुसार, रेहान सुबह करीब 8:30 बजे अपने पांच वर्षीय छोटे भाई के साथ शौच के लिए घर से निकला था। लगातार दो दिनों से हो रही बारिश के कारण एक खाली प्लॉट में काफी पानी भर गया था। खेलते-खेलते या चलते समय रेहान गहरे पानी वाले हिस्से में पहुंच गया और डूब गया।
छोटे भाई के लौटने पर हुई चिंता
रेहान का छोटा भाई कुछ देर बाद घर लौट आया, लेकिन रेहान वापस नहीं आया। काफी देर तक उसके घर नहीं पहुंचने पर परिवार को चिंता हुई और उसकी तलाश शुरू की गई। साथ ही पुलिस को भी घटना की सूचना दी गई।
रेहान की मां ने बताया कि उनका बेटा सुबह घर से शौच के लिए निकला था, लेकिन जब वह लंबे समय तक वापस नहीं लौटा तो परिजनों और रिश्तेदारों के साथ उसकी तलाश शुरू की गई। तलाश के दौरान घटना स्थल के पास रेहान की पानी की बोतल मिली, जिससे किसी अनहोनी की आशंका और गहरा गई।
पानी से भरे गड्ढे में मिला शव
परिजनों ने पानी से भरे प्लॉट में खोजबीन शुरू की, जहां कुछ देर बाद रेहान एक गहरे गड्ढे में डूबा हुआ मिला। उसे तुरंत बुराड़ी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मां ने भावुक होकर कहा कि यदि खाली प्लॉट में बारिश का पानी जमा नहीं होता, तो उनका बेटा आज जीवित होता। उन्होंने इस हादसे के लिए लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया।
परिजनों ने उठाए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
रेहान के परिवार और रिश्तेदारों का कहना है कि खाली प्लॉट को असुरक्षित छोड़ दिया गया था। उनका आरोप है कि यदि वहां उचित सुरक्षा व्यवस्था होती या जलभराव रोकने के इंतजाम किए गए होते, तो यह हादसा टाला जा सकता था।
पुलिस ने शुरू की जांच
समयपुर बादली थाना पुलिस ने बताया कि परिवार ने करीब दो घंटे तक बच्चे की तलाश की। पड़ोसियों की मदद से उसे पानी से बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मामला दुर्घटनावश डूबने का प्रतीत हो रहा है और फिलहाल किसी तरह की साजिश के संकेत नहीं मिले हैं।
गौरतलब है कि पिछले दो दिनों से दिल्ली में हुई भारी बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में खुले प्लॉट, गड्ढों और जलभराव वाले स्थान लोगों, विशेषकर बच्चों के लिए गंभीर खतरा बन गए हैं।






