Home » ताजा खबर » दिल्ली में INDIA गठबंधन की अहम बैठक शुरू, सरकार के खिलाफ रणनीति पर मंथन

दिल्ली में INDIA गठबंधन की अहम बैठक शुरू, सरकार के खिलाफ रणनीति पर मंथन

नई दिल्ली: विपक्षी गठबंधन INDIA (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस) की महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को दिल्ली के कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में शुरू हो गई। दोपहर 12 बजे आयोजित इस बैठक में केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के खिलाफ साझा रणनीति तैयार करने और आगामी चुनावी चुनौतियों पर चर्चा की जा रही है।

बैठक में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी एवं अभिषेक बनर्जी, समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव, राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव तथा शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) प्रमुख उद्धव ठाकरे सहित 22 विपक्षी दलों के शीर्ष नेता शामिल हो रहे हैं। ममता बनर्जी, अभिषेक बनर्जी, तेजस्वी यादव और अखिलेश यादव बैठक स्थल पर पहुंच चुके हैं।

22 दलों के नेता बैठक में शामिल

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश के अनुसार, INDIA गठबंधन की इस बैठक में 23 दलों को आमंत्रित किया गया था, लेकिन कुछ दल अपने कारणों से शामिल नहीं हो सके। आम आदमी पार्टी (AAP) और द्रविड़ मुनेत्र कषगम (DMK) ने बैठक से दूरी बनाई है। AAP पहले ही गठबंधन से अलग होने का संकेत दे चुकी है, जबकि DMK ने तमिलनाडु में कांग्रेस के साथ मतभेदों के चलते बैठक का बहिष्कार किया है।

ये प्रमुख दल बैठक का हिस्सा

बैठक में कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, राष्ट्रीय जनता दल, झारखंड मुक्ति मोर्चा, शिवसेना (उद्धव गुट), एनसीपी (शरद पवार), सीपीआई, सीपीएम, नेशनल कॉन्फ्रेंस, पीडीपी, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी, केरल कांग्रेस सहित कुल 22 राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं।

दो साल बाद हो रही आधिकारिक बैठक

INDIA गठबंधन की यह पहली आधिकारिक बैठक है जो जून 2024 के बाद आयोजित की जा रही है। बैठक में आगामी विधानसभा चुनावों और 2029 लोकसभा चुनाव को लेकर रणनीति बनाई जाएगी। विपक्षी दल राष्ट्रीय मुद्दों पर एकजुट होकर भाजपा का मुकाबला करने की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श कर रहे हैं।

दिल्ली में पोस्टर वार भी तेज

बैठक से पहले दिल्ली में कई राजनीतिक पोस्टर लगाए गए हैं। भाजपा की ओर से लगाए गए इन पोस्टरों में INDIA गठबंधन के नेताओं के एक-दूसरे के खिलाफ दिए गए पुराने बयानों का उल्लेख किया गया है। पोस्टरों में सवाल उठाया गया है कि जो नेता आपस में ही मतभेद रखते हैं, वे देश के लिए एकजुट होकर कैसे लड़ेंगे।

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This