CM योगी आज पश्चिमी यूपी को देंगे 2452 करोड़ की सौगात, 255 विकास परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण और शिलान्यास
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश को विकास की बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री 2,452 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 255 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं का लाभ मुख्य रूप से शामली, बिजनौर और गाजियाबाद के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों को मिलेगा। सरकार का कहना है कि ये योजनाएं क्षेत्र के बुनियादी ढांचे और जनकल्याण को नई गति देंगी।
सोशल मीडिया पर दी जानकारी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपने दौरे की जानकारी साझा करते हुए कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश आज विकास, जनकल्याण और जनविश्वास की नई ऊर्जा से जुड़ने जा रहा है। उन्होंने बताया कि 2,452 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 255 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा, जो क्षेत्र के समग्र विकास को मजबूती देंगे।
लाभार्थियों को मिलेगा योजनाओं का लाभ
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, चेक, घरों की चाबियां, लैपटॉप, प्रमाण-पत्र और प्रशस्ति-पत्र वितरित किए जाएंगे। इसके अलावा नवनियुक्त आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को नियुक्ति पत्र भी सौंपे जाएंगे। मुख्यमंत्री का कहना है कि ये पहल ‘विकसित उत्तर प्रदेश’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में अहम कदम साबित होगी।
आईटी और उभरती तकनीकों पर भी सरकार का फोकस
इससे पहले गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी ने लखनऊ में सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रोबोटिक्स, क्वांटम कंप्यूटिंग, सेमीकंडक्टर और अन्य उभरती तकनीकों के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश को राष्ट्रीय स्तर का अग्रणी राज्य बनाने के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
नोएडा में बनेगा रोबोटिक्स और AI पार्क
मुख्यमंत्री ने बताया कि नोएडा में 75 एकड़ क्षेत्र में ‘पार्क फॉर रोबोटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, GPU क्लस्टर्स एंड एडवांस्ड टेक्निकल इनोवेशन’ विकसित किया जाएगा। यह परियोजना उत्तर प्रदेश को विश्वस्तरीय रोबोटिक्स और एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगी। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार 75 हजार एकड़ के भूमि बैंक और विभिन्न सेक्टरों के लिए बनाई गई 36 निवेश नीतियों के माध्यम से देश-विदेश के निवेशकों को आकर्षित कर रही है।
Diclaimer : इसका हमारी The भारत SSSRK News24x7 समाचार और राष्ट्र दर्शन (सबसे तेज़, सबसे आगे…),
यह एक आंकलन मात्र है…





