ईरान से तनाव के बीच ट्रंप का बड़ा दावा- ‘Strait of Hormuz पर अमेरिका का पूरा कंट्रोल, ईरान कुछ नहीं कर सकता’
नई दिल्ली: ईरान के साथ बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज को लेकर बड़ा बयान दिया है। ट्रंप ने बुधवार को दावा किया कि हॉर्मुज जलडमरूमध्य पर अमेरिका का पूरा नियंत्रण है और वह इसे बनाए रखने का इरादा रखता है। उन्होंने अमेरिकी नौसैनिक नाकाबंदी को ‘स्टील की दीवार’ बताते हुए कहा कि ईरान इसके खिलाफ कुछ नहीं कर सकता।
ट्रंप ने ईरान की सैन्य क्षमता पर साधा निशाना
ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में ईरान की सैन्य और आर्थिक स्थिति को लेकर कई दावे किए। उन्होंने कहा कि ईरान की सैन्य क्षमताएं बुरी तरह कमजोर हो चुकी हैं।
ट्रंप के मुताबिक, ईरान के पास प्रभावी नौसेना और वायुसेना नहीं बची है। उन्होंने ईरानी सैनिकों के वेतन, इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) और देश के नेतृत्व को लेकर भी तीखी टिप्पणियां कीं।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान की आर्थिक स्थिति पर भी निशाना साधते हुए दावा किया कि देश के पास पैसे नहीं हैं और वहां महंगाई करीब 300 प्रतिशत तक पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि ईरान अब केवल बयानबाजी कर रहा है और वह पहले की तरह मध्य पूर्व में प्रभावशाली भूमिका में नहीं है।
वैश्विक तेल कारोबार के लिए क्यों अहम है हॉर्मुज?
स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापार मार्गों में शामिल है। वैश्विक तेल आपूर्ति का करीब पांचवां हिस्सा इसी संकरे समुद्री मार्ग से होकर गुजरता है। ऐसे में यहां किसी भी सैन्य टकराव या जहाजों की आवाजाही में रुकावट का सीधा असर अंतरराष्ट्रीय तेल कीमतों, शिपिंग लागत और वैश्विक अर्थव्यवस्था पर पड़ सकता है।
हॉर्मुज जलडमरूमध्य ईरान और ओमान के बीच स्थित है। यह फारस की खाड़ी को ओमान की खाड़ी और अरब सागर से जोड़ता है। रणनीतिक महत्व के कारण यह क्षेत्र लंबे समय से अमेरिका और ईरान के बीच तनाव का प्रमुख केंद्र रहा है।
खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी नौसेना की मौजूदगी
हॉर्मुज में तनाव के बीच अमेरिका ने खाड़ी क्षेत्र में अपनी नौसैनिक मौजूदगी मजबूत बनाए रखी है। वॉशिंगटन लगातार अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों में नौवहन की स्वतंत्रता और व्यापारिक जहाजों की सुरक्षित आवाजाही को अपनी प्राथमिकताओं में गिनाता रहा है।
ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम करने के लिए कूटनीतिक प्रयास भी जारी हैं। दोनों देशों के बीच अप्रत्यक्ष बातचीत में हॉर्मुज में सामान्य समुद्री गतिविधियों और क्षेत्रीय तनाव कम करने जैसे मुद्दों पर चर्चा की संभावनाएं बनी हुई हैं।
फिलहाल, ट्रंप के इस बयान ने हॉर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे तनाव को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है।
#DonaldTrump #Trump #Iran #USIranTensions #StraitOfHormuz #HormuzStrait #USNavy #IranNews #USNews #MiddleEast #MiddleEastTensions #Geopolitics #OilCrisis #GlobalOil #WorldNews
Diclaimer : इसका हमारी The भारत SSSRK News24x7 समाचार और राष्ट्र दर्शन (सबसे तेज़, सबसे आगे…),
यह एक आंकलन मात्र है…







