दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े कथित जासूसी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए एक युवा दंपति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मोहम्मद साहिल और उसकी पत्नी समीरा वर्ष 2024 से पाकिस्तानी खुफिया अधिकारियों के संपर्क में थे और सोशल मीडिया के जरिए इस नेटवर्क से जुड़े थे। जांच में कथित तौर पर भारतीय सिम कार्ड पाकिस्तान भेजने और संवेदनशील सूचनाएं जुटाने की साजिश का खुलासा हुआ है।
इंस्टाग्राम के जरिए पाकिस्तानी एजेंट के संपर्क में आया साहिल
स्पेशल सेल की नॉर्दर्न रेंज को दिल्ली-NCR में सक्रिय पाकिस्तान समर्थित कथित जासूसी नेटवर्क के बारे में जानकारी मिली थी। जांच के दौरान पुलिस को साहिल और समीरा के बारे में सुराग मिले। पुलिस के अनुसार, साहिल वर्ष 2024 में इंस्टाग्राम के जरिए एक पाकिस्तानी एजेंट के संपर्क में आया था। इसके बाद दोनों की कथित तौर पर पाकिस्तान स्थित PIO (Pakistani Intelligence Officer) से संपर्क कराया गया।
8 भारतीय सिम कार्ड पाकिस्तान भेजने का आरोप
पुलिस का दावा है कि वर्ष 2024 और 2025 के दौरान साहिल और समीरा ने कथित तौर पर 8 भारतीय सिम कार्ड दुबई के रास्ते पाकिस्तान भेजे। इसके बदले उन्हें करीब 30 हजार रुपये मिले। जांच एजेंसियों के मुताबिक, इन सिम कार्ड से पाकिस्तान में व्हाट्सऐप अकाउंट संचालित किए गए और भारतीय व्हाट्सऐप ग्रुपों में शामिल होकर संवेदनशील जानकारियां हासिल करने की कोशिश की गई।
कैंटोनमेंट इलाकों की रेकी के लिए भर्ती का भी आरोप
पुलिस के मुताबिक, साहिल को देश के अलग-अलग हिस्सों में मौजूद कैंटोनमेंट क्षेत्रों की रेकी के लिए लोगों को तैयार करने और नेटवर्क में भर्ती करने का टास्क भी दिया गया था। स्पेशल सेल ने दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक जांच के दौरान पाकिस्तानी हैंडलर्स के साथ संदिग्ध चैट और बातचीत के सबूत मिले हैं।
मोबाइल जांच के बाद समीरा तक पहुंची पुलिस
पुलिस के अनुसार, पहले साहिल को गिरफ्तार किया गया। उसके मोबाइल फोन की फॉरेंसिक जांच में पाकिस्तानी एजेंट्स के साथ कथित बातचीत और चैट सामने आईं। इसके बाद पूछताछ से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने समीरा को गिरफ्तार किया।
जांच एजेंसी का दावा है कि भारतीय सिम कार्ड हासिल करने और उन्हें पाकिस्तान स्थित लोगों तक पहुंचाने में समीरा की अहम भूमिका थी। उसके मोबाइल फोन की जांच में भी साहिल, समीरा और पाकिस्तान में मौजूद कथित हैंडलर्स के बीच बातचीत और व्हाट्सऐप चैट मिलने की बात सामने आई है।
ISI के कथित नेटवर्क की आगे जांच जारी
स्पेशल सेल अब पाकिस्तान में मौजूद कथित हैंडलर्स, भारतीय सिम कार्ड की सप्लाई और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कथित नेटवर्क ने अब तक कितनी संवेदनशील जानकारी जुटाई और इसे किन लोगों तक पहुंचाया गया।
इससे पहले भी दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने ISI प्रायोजित बताए गए एक अंतरराज्यीय आतंकी और हथियार तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करने का दावा किया था। उस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस के मुताबिक, पाकिस्तान में मौजूद कथित ISI हैंडलर शहजाद भट्टी के निर्देश पर दिल्ली में आतंकी वारदात की साजिश रची जा रही थी।
#DelhiPolice #DelhiNews #SpecialCell #ISINetwork #PakistanSpyNetwork #Espionage #SpyNetwork #SahilSameera
Diclaimer : इसका हमारी The भारत SSSRK News24x7 समाचार और राष्ट्र दर्शन (सबसे तेज़, सबसे आगे…),
यह एक आंकलन मात्र है…







