Home » ताजा खबर » मणिपुर के गांव में उग्रवादियों की अंधाधुंध फायरिंग, महिला की मौत; पति और बेटा घायल

मणिपुर के गांव में उग्रवादियों की अंधाधुंध फायरिंग, महिला की मौत; पति और बेटा घायल

मणिपुर: मणिपुर के तामेंगलोंग जिले में रविवार तड़के संदिग्ध उग्रवादियों ने एक गांव को निशाना बनाकर अंधाधुंध गोलीबारी की। इस हमले में एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति और बेटा घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, घटना सुबह करीब 4 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग-37 के पास स्थित टॉलेन कुकी गांव में हुई। यह हाईवे इंफाल को जिरीबाम से जोड़ता है।

पुलिस के अनुसार, संदिग्ध उग्रवादियों ने अचानक गांव में फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी के दौरान ल्हिंगनगाई नाम की महिला की उसके घर के अंदर ही मौत हो गई। वहीं, उसके पति और बेटे को गोली लगने से चोटें आईं। घटना की जानकारी मिलते ही सुरक्षाबल मौके पर पहुंचे और घायलों को इलाज के लिए आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई।

ग्राम प्राधिकरण ने हमले की निंदा की

हमले के बाद कैमाई ग्राम प्राधिकरण ने घटना की कड़ी निंदा की। प्राधिकरण ने इसे समुदायों के बीच तनाव और विभाजन पैदा करने की कोशिश करार दिया। अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच की मांग करते हुए दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की अपील की गई है।

फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सुरक्षा एजेंसियां गोलीबारी के पीछे की वजह का पता लगाने और हमले में शामिल संदिग्धों की पहचान करने में जुटी हैं।

मणिपुर में चार उग्रवादी गिरफ्तार

इससे पहले मणिपुर के दो घाटी जिलों में सुरक्षा बलों ने प्रतिबंधित संगठनों से कथित तौर पर जुड़े चार लोगों को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी। अधिकारियों के मुताबिक, ये गिरफ्तारियां बुधवार को अलग-अलग अभियानों के दौरान की गईं।

पुलिस के अनुसार, असम राइफल्स और गढ़वाल राइफल्स को मिली खुफिया जानकारी के आधार पर इंफाल पूर्वी जिले के माना इंगखोल इलाके में कार्रवाई की गई। यहां से नेशनल रिवोल्यूशनरी फ्रंट ऑफ मणिपुर (NRFM) से कथित तौर पर जुड़े 28 वर्षीय एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया गया।

वहीं, इंफाल पश्चिम जिले के चिंगमेइरोंग इलाके से प्रतिबंधित कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (KCP) के 44 वर्षीय एक सदस्य को पकड़ा गया।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए अन्य दो लोगों में एक कांगलेई याओल कन्ना लुप (KYKL) का सक्रिय सदस्य बताया गया है, जिसे इंफाल पश्चिम के सागोलटोंगबा स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया गया। चौथे व्यक्ति को इंफाल पूर्वी जिले के अहल्लुप इलाके से पकड़ा गया। पुलिस के मुताबिक, उसका संबंध KCP (नोंगद्रेनखोंबा) से है।

#Manipur #ManipurNews #Tamenglong #ManipurViolence #ManipurFiring #MilitantAttack #TerrorAttack #SecurityForces #ManipurPolice #NorthEastIndia

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This

Recent Post