Home » बिज़नेस » Gold Price Today: सोने की कीमतों में गिरावट, जानें आज के ताजा भाव और अपडेट

Gold Price Today: सोने की कीमतों में गिरावट, जानें आज के ताजा भाव और अपडेट

Gold Price Today: दो दिनों की लगातार बढ़ोतरी के बाद आज सोने की कीमतों में गिरावट देखी गई। मंगलवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में 99.9% शुद्धता वाले सोने का भाव 490 रुपये कम होकर 96,540 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। वहीं, सोमवार को इसकी कीमत 580 रुपये बढ़कर 97,030 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंची थी।

इसी तरह, 99.5% शुद्धता वाले सोने की कीमत भी आज 450 रुपये गिरकर 96,130 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स सहित) हो गई। सोमवार को इस ग्रेड के सोने की कीमत 580 रुपये बढ़कर 96,580 रुपये प्रति 10 ग्राम थी।

चांदी की कीमत में भी आई गिरावट
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ कमोडिटी एनालिस्ट सौमिल गांधी ने बताया कि मंगलवार को सोने में हल्की गिरावट देखी गई। अमेरिका-चीन व्यापार युद्ध के विराम को लेकर जारी आशावाद और रूस-यूक्रेन के बीच युद्ध विराम की उम्मीदों ने सकारात्मक जोखिम भावना को बढ़ावा दिया है, जिससे सुरक्षित निवेश के लिए सोने की मांग कमजोर हुई है।

मंगलवार को चांदी की कीमतें भी 1,000 रुपये गिरकर 97,500 रुपये प्रति किलो पर आ गईं, जबकि पिछले कारोबारी दिन ये 98,500 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थीं।

विदेशी बाजार में सोने का भाव
सौमिल गांधी ने कहा कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व के एक अन्य सदस्य के आक्रामक रुख के कारण निवेशक केंद्रीय बैंक की भविष्य में ब्याज दरों में कटौती को लेकर अनिश्चित हैं, जिसका सोने की कीमतों पर नकारात्मक असर पड़ा है। विदेशी बाजार में हाजिर सोना मामूली बढ़कर 3,233.68 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया है।

कोटक सिक्योरिटीज के एवीपी-जिंस शोध कायनात चैनवाला ने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रमुख टैक्स और व्यय पैकेज, जो अमेरिकी राजकोषीय घाटे को बढ़ा सकता है, पर सदन में होने वाले मतदान से पहले सोने की तेज गिरावट सीमित रह सकती है।

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This