ईरान के परमाणु ठिकानों पर हमले के बाद पूरा मिडिल ईस्ट तनाव की आग में झुलस रहा है। जवाब में ईरान ने इजरायल पर और भी घातक हमले शुरू कर दिए हैं। हालांकि अब तक ईरान ने अमेरिका के किसी सैन्य अड्डे को निशाना नहीं बनाया है। इस बीच, न्यूक्लियर साइट पर हमले के बाद ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह खामेनेई का पहला बयान सामने आया है।
ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह खामेनेई ने इजरायल पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि ज़ायोनी दुश्मन ने बहुत बड़ी गलती और गंभीर अपराध किया है। खामेनेई ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि इजरायल को इसकी सजा मिलनी चाहिए — और वह सजा मिल भी रही है।
खामेनेई ने अमेरिका का नहीं लिया नाम, सीधे इजरायल को दी चेतावनी
ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह खामेनेई ने अपने बयान में अमेरिका का नाम नहीं लिया, हालांकि माना जा रहा है कि ईरान अमेरिका के खिलाफ भी जवाबी कार्रवाई की योजना बना रहा है। न्यूक्लियर साइट पर हमले के बाद खामेनेई ने सीधे तौर पर इजरायल को चेतावनी दी है।
ईरान ने इजरायल पर दागीं खुर्रमशहर-4 मिसाइलें
ईरान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए इजरायल पर अपना सबसे बड़ा मिसाइल हमला बोला है। ईरान ने खुर्रमशहर-4 मिसाइलों से इजरायल के विभिन्न शहरों को निशाना बनाया। यह मिसाइल ईरान की सबसे शक्तिशाली और लंबी दूरी तक मार करने वाली हथियार प्रणाली मानी जाती है।
24 घंटे में 40 से ज्यादा मिसाइलें दागीं
खुर्रमशहर-4, जिसे खैबर मिसाइल भी कहा जाता है, 2,000 किलोमीटर की रेंज और 1,500 किलोग्राम वारहेड ले जाने की क्षमता रखती है। बीते 24 घंटों में ईरान ने इजरायल पर 40 से ज्यादा बैलिस्टिक मिसाइलें दागी हैं।
रिहायशी इलाकों में मची तबाही
ईरान के इन हमलों ने इजरायल के हाइफा, तेल अवीव सहित कई शहरों में भारी तबाही मचाई है। अब तक 86 से ज्यादा लोग घायल हो चुके हैं। मिसाइलों ने शॉपिंग सेंटर, रिहायशी इलाकों और सैन्य ठिकानों को गंभीर रूप से नुकसान पहुंचाया है।




