अमेरिका में एक बार फिर भारतीय मूल के नागरिक की हत्या का मामला सामने आया है। पेन्सिलवेनिया के पिट्सबर्ग शहर में एक भारतीय मूल के मोटल मैनेजर राकेश एहागबान (50 वर्ष) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना रॉबिन्सन टाउनशिप के एक मोटल की पार्किंग में हुई, जब एहागबान वहां चल रहे विवाद को शांत कराने पहुंचे थे। इस दौरान बंदूकधारी ने पास से उनके सिर में गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
आरोपी की पहचान और धाराएं
पुलिस ने आरोपी की पहचान स्टेनली यूजीन वेस्ट (37 वर्ष) के रूप में की है। उसके खिलाफ आपराधिक हत्या, हत्या के प्रयास और लापरवाही से किसी अन्य व्यक्ति को खतरे में डालने जैसी गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
‘क्या तुम ठीक हो, दोस्त?’ पूछना पड़ा भारी
जांच में सामने आया कि एहागबान ने जब वेस्ट से पूछा — “क्या तुम ठीक हो, दोस्त?” — तो उसी समय आरोपी ने करीब चार फीट की दूरी से उनके सिर में गोली मार दी।
निगरानी फुटेज में स्पष्ट दिखा कि वेस्ट पहले एहागबान की ओर बढ़ा, फिर बंदूक तानकर करीब से फायर कर दिया।
मुठभेड़ में घायल हुआ हमलावर
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी का पीछा किया। इस दौरान हुई मुठभेड़ में वेस्ट घायल हो गया। अधिकारियों के अनुसार, पीछा करने पर आरोपी ने पुलिस पर गोली चला दी, जिससे एक जासूस के पैर में गोली लगी। इसके जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें वेस्ट को कई गोलियां लगीं।
मोटल विवाद से शुरू हुआ था घटनाक्रम
पुलिस के मुताबिक, यह घटना उस समय हुई जब वेस्ट ने मोटल के बाहर अपनी महिला साथी पर गोली चलाई। गोलीबारी की आवाज सुनकर मोटल मैनेजर राकेश एहागबान स्थिति देखने बाहर आए, तभी आरोपी ने उन पर हमला कर दिया।
महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
यह वारदात अमेरिका में भारतीय मूल के लोगों के खिलाफ बढ़ती हिंसा को लेकर एक बार फिर गंभीर चिंता का विषय बन गई है।






