आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के ‘AQI तापमान है’ वाले बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए सवाल उठाया कि “ये नया विज्ञान कब आया?”
पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल का कहना है कि खुद सीएम गुप्ता ने स्वीकार किया है कि AQI की रीडिंग को कम दिखाने के लिए मॉनिटर के आसपास पानी का छिड़काव कराया जा रहा है।
‘हवा साफ दिखाने का खेल चल रहा है’ — केजरीवाल
केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा,
“पहली बात— मुख्यमंत्री जी ने मान लिया कि जहां-जहां AQI मॉनिटर लगे हैं, वहीं पानी का छिड़काव हो रहा है ताकि लोगों तक प्रदूषण का सच न पहुंच पाए। यानी आंकड़ों को छुपाकर हवा साफ दिखाने का खेल चल रहा है।”
उन्होंने आगे कटाक्ष किया,
“दूसरी बात— ये नया विज्ञान कब आया कि AQI अब तापमान बन गया?”
सीएम रेखा गुप्ता ने क्या कहा था?
शनिवार को एक कार्यक्रम में विपक्ष के उन आरोपों पर सीएम गुप्ता से सवाल किया गया था कि हॉटस्पॉट क्षेत्रों में एयर मॉनिटर पर पानी छिड़ककर प्रदूषण के आंकड़ों को गलत साबित किया जा रहा है।
इस पर सीएम गुप्ता ने कहा,
“हॉटस्पॉट वही होता है जहां प्रदूषण का स्तर सबसे अधिक हो। इसका समाधान यही है कि वहां पानी का छिड़काव और मिट्टी को सुधारने का काम किया जाए। इसलिए छिड़काव हॉटस्पॉट पर ही होगा।”
उन्होंने आगे तर्क दिया,
“क्या मॉनिटर से AQI कम हो जाता है? AQI तापमान की तरह है, जिसे किसी भी उपकरण से जाना जा सकता है। इसलिए हॉटस्पॉट के पास पानी डालना ही एकमात्र समाधान है, और हम वही कर रहे हैं।”
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बीच बढ़ा विवाद
सीएम रेखा गुप्ता के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद दिल्ली की भाजपा सरकार प्रदूषण से निपटने के तरीकों को लेकर आलोचनाओं में घिर गई है।
इसी मुद्दे पर अब पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने भी निशाना साधते हुए सरकार के ‘प्रदूषण प्रबंधन’ पर सवाल खड़े किए हैं।






