Home » ताजा खबर » शीतकालीन सत्र के दौरान राहुल गांधी लंदन रवाना, जर्मनी भी जाएंगे लोकसभा में नेता विपक्ष

शीतकालीन सत्र के दौरान राहुल गांधी लंदन रवाना, जर्मनी भी जाएंगे लोकसभा में नेता विपक्ष

संसद के शीतकालीन सत्र के बीच लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी सोमवार तड़के लंदन के लिए रवाना हो गए। उन्होंने दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट से सुबह करीब 3:20 बजे फ्लाइट संख्या BA-142 से लंदन के लिए उड़ान भरी। सूत्रों के मुताबिक, लंदन यात्रा के बाद राहुल गांधी जर्मनी भी जाएंगे।

19 दिसंबर तक चलेगा संसद का शीतकालीन सत्र

संसद का शीतकालीन सत्र अब अपने अंतिम चरण में है। यह सत्र 1 दिसंबर से शुरू हुआ था और 19 दिसंबर तक चलेगा। इस दौरान कुल 15 बैठकें प्रस्तावित हैं। सोमवार को दोनों सदनों की कार्यवाही दोबारा शुरू होगी, जहां लंबित विधेयकों और अन्य अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

अब तक हंगामेदार रहा सत्र

शीतकालीन सत्र की कार्यवाही अब तक काफी हंगामेदार रही है। वंदे मातरम् से जुड़े मुद्दों के अलावा विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR), मतदाता सूची संशोधन और चुनाव सुधारों को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली है।

रामलीला मैदान की रैली में हुए थे शामिल

इससे पहले रविवार को कांग्रेस ने नई दिल्ली के रामलीला मैदान में एक बड़ी रैली का आयोजन किया था। पार्टी ने मतदाता सूची के विशेष गहन संशोधन में कथित वोट चोरी और अनियमितताओं को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया। यह रैली संसद में चुनावी निष्पक्षता को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच जारी बहस के बीच आयोजित की गई थी, जिसमें राहुल गांधी भी शामिल हुए थे।

चुनाव आयोग पर साधा निशाना

रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान वोटों की खरीद-फरोख्त हुई। राहुल गांधी ने कहा कि भारतीय निर्वाचन आयोग भाजपा के साथ मिलीभगत कर रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कानून में बदलाव कर निर्वाचन आयुक्तों के खिलाफ कार्रवाई के रास्ते बंद कर दिए हैं।

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This