आईपीएल 2026 के लिए बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को खरीदने के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) विवादों में घिर गई है। फैंस के साथ-साथ कई राजनीतिक हस्तियों ने भी इस फैसले की आलोचना की है। केकेआर ने हाल ही में आईपीएल के 19वें सीजन के मिनी ऑक्शन में मुस्तफिजुर रहमान को 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था। वह इस ऑक्शन में बिकने वाले एकमात्र बांग्लादेशी खिलाड़ी थे। विवाद बढ़ने के बाद अब बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने इस पूरे मामले पर बड़ा कदम उठाया है।
केकेआर को बीसीसीआई का खास निर्देश
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि मौजूदा हालात और घटनाक्रमों को देखते हुए बोर्ड ने कोलकाता नाइट राइडर्स को निर्देश दिया है कि वे मुस्तफिजुर रहमान को अपने स्क्वॉड से रिलीज करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि केकेआर किसी रिप्लेसमेंट खिलाड़ी की मांग करता है, तो बीसीसीआई उन्हें विकल्प उपलब्ध कराएगा।
बीसीबी अध्यक्ष की भी आई प्रतिक्रिया
मुस्तफिजुर रहमान को लेकर मचे विवाद पर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम बुलबुल ने भी बयान दिया था। एएनआई से बातचीत में उन्होंने कहा कि बोर्ड पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बीसीबी इस मुद्दे को राजनीतिक नहीं, बल्कि पूरी तरह क्रिकेट के नजरिए से देखता है।
बुलबुल ने कहा, “मुस्तफिजुर केकेआर में इकलौते बांग्लादेशी खिलाड़ी हैं। हम स्थिति पर अंत तक नजर रखेंगे। भारत हमारा पड़ोसी देश है और दोनों देशों के बीच क्रिकेट संबंध हमेशा अच्छे रहे हैं। हमारा उद्देश्य सिर्फ क्रिकेट को बढ़ावा देना है।”
ऑक्शन में केकेआर और सीएसके के बीच हुई थी कड़ी टक्कर
दिसंबर में हुए आईपीएल 2026 के मिनी ऑक्शन में मुस्तफिजुर रहमान को लेकर केकेआर और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच जबरदस्त बोली देखने को मिली थी। अंत में केकेआर ने 9.20 करोड़ रुपये खर्च कर इस बांग्लादेशी तेज गेंदबाज को अपनी टीम में शामिल किया। हालांकि, खरीद के तुरंत बाद ही फैंस की नाराजगी सामने आने लगी और केकेआर को लगातार आलोचना का सामना करना पड़ा।





