नई दिल्ली:
भारत आज अपना 77वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह और गर्व के साथ मना रहा है। देशभर में संविधान और लोकतंत्र के इस महापर्व की धूम है। हर ओर तिरंगे की छटा बिखरी हुई है। राजधानी दिल्ली के कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस परेड की भव्य तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं, जहाँ आज ज़मीन से लेकर आसमान तक भारत की सैन्य शक्ति, शौर्य और सांस्कृतिक विविधता का अद्भुत प्रदर्शन देखने को मिलेगा।
इस वर्ष की परेड ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की थीम पर आधारित है। जब कर्तव्य पथ पर सेना के जवान अनुशासित कदमताल के साथ आगे बढ़ेंगे, तो हर देशवासी का सीना गर्व से चौड़ा हो जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न राज्यों और केंद्रीय मंत्रालयों की झांकियों के माध्यम से भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विकास यात्रा की झलक भी देखने को मिलेगी।
क्या बोले प्रधानमंत्री मोदी?
गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने आधिकारिक X (पूर्व में ट्विटर) हैंडल के माध्यम से देशवासियों को शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने लिखा,
“सभी देशवासियों को गणतंत्र दिवस की बहुत-बहुत बधाई। भारत की आन-बान और शान का प्रतीक यह राष्ट्रीय महापर्व आप सभी के जीवन में नई ऊर्जा और नए उत्साह का संचार करे। विकसित भारत का संकल्प और अधिक सुदृढ़ हो, यही कामना है।”
प्रधानमंत्री ने आगे कहा,
“गणतंत्र दिवस हमारी स्वतंत्रता, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों का सशक्त प्रतीक है। यह पर्व हमें एकजुट होकर राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।”
उन्होंने संस्कृत श्लोक का भी उल्लेख किया—
“पारतन्त्र्याभिभूतस्य देशस्याभ्युदयः कुतः। अतः स्वातन्त्र्यमाप्तव्यमैक्यं स्वातन्त्र्यसाधनम्॥”
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कर्तव्य पथ पर तिरंगा फहराएंगी। इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पहुंचकर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए देशभर में व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। दिल्ली से लेकर कश्मीर, कन्याकुमारी और गुजरात से लेकर उत्तर-पूर्वी राज्यों तक हाई अलर्ट जारी है। केवल दिल्ली में ही 10 हजार से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं, जबकि तीन हजार से अधिक सीसीटीवी कैमरों के जरिए चप्पे-चप्पे पर निगरानी रखी जा रही है।






