हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शहीदों के परिजनों और स्वतंत्रता सेनानियों के लिए पेंशन और मुआवजे में बढ़ोतरी की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारों की देखभाल करना सरकार का कर्तव्य है। मुख्यमंत्री ने बताया कि स्वतंत्रता सेनानियों और उनकी विधवाओं की मासिक पेंशन बढ़ाकर 40,000 रुपये कर दी गई है। इसके साथ ही, युद्ध में शहीद हुए सैनिकों के परिजनों को दिया जाने वाला मुआवजा अब 1 करोड़ रुपये होगा।
शहीदों के आश्रितों को नौकरी, अग्निवीरों को आरक्षण
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि राज्य सरकार ने शहीदों के 418 आश्रितों को सरकारी नौकरियां देने का निर्णय लिया है, ताकि उनके परिवारों को आर्थिक संबल मिल सके और वे सम्मानपूर्वक जीवन जी सकें। इसके अलावा, उन्होंने अग्निवीर योजना के तहत सेवा देने वाले युवाओं के लिए भी बड़ा फैसला लेते हुए सरकारी नौकरियों में 10 प्रतिशत आरक्षण देने की घोषणा की।
गुरुग्राम में मुख्यमंत्री ने फहराया तिरंगा
गणतंत्र दिवस के अवसर पर हरियाणा के राज्यपाल असीम कुमार घोष ने पंचकूला में राज्य स्तरीय समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया, जबकि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम में तिरंगा फहराया। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने संदेश में कहा कि गणतंत्र दिवस संवैधानिक मूल्यों, सामाजिक समानता और लोकतांत्रिक आदर्शों के प्रति देश की अटूट आस्था का प्रतीक है। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों और संविधान निर्माताओं को नमन करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया।






