Home » स्पोर्ट्स » IND vs PAK मैच रद्द होने पर भी भारत को कैसे मिलेंगे पूरे 2 अंक? जानिए नियम

IND vs PAK मैच रद्द होने पर भी भारत को कैसे मिलेंगे पूरे 2 अंक? जानिए नियम

IND vs PAK: T20 वर्ल्ड कप 2026 के सबसे बड़े मुकाबलों में शामिल भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर स्थिति लगातार चर्चा में बनी हुई है। हाल ही में पाकिस्तान ने 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाले इस हाई-वोल्टेज मैच का बहिष्कार करने का ऐलान किया है। यह मुकाबला कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाना तय है। ऐसे में अगर पाकिस्तान अपने फैसले पर कायम रहता है, तो IND vs PAK मैच रद्द माना जाएगा।

हालांकि बड़ा सवाल यह है कि जब मैच खेला ही नहीं जाना, तो क्या टीम इंडिया को श्रीलंका की यात्रा करनी चाहिए? इसका जवाब है—हां। अगर भारत को इस मुकाबले से पूरे 2 अंक हासिल करने हैं, तो टीम इंडिया का कोलंबो पहुंचना जरूरी होगा।

कैसे मिलेंगे भारत को पूरे 2 अंक?

नियमों के अनुसार, यदि पाकिस्तान तय समय पर मैदान में उतरने से इनकार करता है, तो उसे मुकाबले में हारा हुआ घोषित किया जाएगा। लेकिन भारत को पूरे 2 अंक तभी मिलेंगे, जब सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम समय पर कोलंबो पहुंचे और निर्धारित समय पर मैदान में मौजूद रहे।

नियम यह भी कहते हैं कि भारतीय कप्तान को टॉस के समय मैदान पर उपस्थित होना अनिवार्य है। अगर पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा टॉस के लिए नहीं आते हैं, तो मैच रेफरी भारत को विजेता घोषित कर देगा और टीम इंडिया को पूरे 2 अंक मिल जाएंगे।

श्रीलंका नहीं गई टीम इंडिया तो क्या होगा?

अगर टीम इंडिया यह मानकर श्रीलंका की यात्रा नहीं करती कि मैच खेला नहीं जाएगा, तो स्थिति बदल सकती है। ऐसी स्थिति में मैच रेफरी भारत और पाकिस्तान दोनों को 1-1 अंक दे सकता है। यानी पूरे दो अंक पाने के लिए भारतीय टीम का मैदान तक पहुंचना और टॉस के लिए उपलब्ध रहना जरूरी है।
सूत्रों के मुताबिक, इसी वजह से भारतीय टीम कोलंबो जाएगी, वहां नियमित अभ्यास करेगी और मैच से पहले मीडिया से भी बातचीत करेगी।

क्या ICC करेगा पाकिस्तान पर कार्रवाई?

फिलहाल ICC ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) से आधिकारिक तौर पर अपने फैसले पर पुनर्विचार करने को कहा है। ICC का मानना है कि इस तरह का बहिष्कार खेल की मूल भावना के खिलाफ है। हालांकि अब तक किसी तरह की सजा या प्रतिबंध का ऐलान नहीं किया गया है, लेकिन संकेत जरूर दिए गए हैं कि इसके गंभीर नतीजे हो सकते हैं।

नेट रन रेट पर पड़ सकता है असर

भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार पाकिस्तान के लिए नुकसानदेह साबित हो सकता है। इस फैसले से उसका नेट रन रेट बुरी तरह प्रभावित होगा, जो आगे चलकर टूर्नामेंट में उसकी स्थिति कमजोर कर सकता है। अब सबकी नजरें ICC और PCB पर टिकी हैं कि पाकिस्तान अपने फैसले पर कायम रहता है या आखिरी वक्त में कोई बड़ा बदलाव करता है।

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This