कर्नाटक में CM पद को लेकर हलचल तेज, डीके शिवकुमार के समर्थन में 80 से अधिक विधायक
कर्नाटक में मुख्यमंत्री पद को लेकर सियासी बयानबाज़ी एक बार फिर तेज हो गई है। कांग्रेस विधायक इकबाल हुसैन ने दावा किया है कि पार्टी के कम से कम 80 विधायकों ने मुख्यमंत्री पद के लिए उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के नाम की सिफारिश हाईकमान से की है। इसी बीच, डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार दो दिनों के दौरे पर नई दिल्ली रवाना हो गए हैं, जहां उनकी पार्टी के शीर्ष नेताओं से मुलाकात प्रस्तावित है।
दिल्ली दौरे से बढ़ीं अटकलें, लेकिन शिवकुमार चुप
डीके शिवकुमार के दिल्ली दौरे को राज्य में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, इस पर शिवकुमार ने कोई स्पष्ट बयान देने से बचते हुए कहा कि वह केवल उपमुख्यमंत्री ही नहीं, बल्कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भी हैं। इसी हैसियत से उनका हाईकमान से मिलना एक नियमित प्रक्रिया है।
‘डीके शिवकुमार को मौका दिया जाना चाहिए’ — इकबाल हुसैन
मुख्यमंत्री पद को लेकर कांग्रेस विधायक इकबाल हुसैन ने कहा कि यह निर्णय पूरी तरह हाईकमान पर छोड़ा गया है। उन्होंने बताया कि 80 से 90 विधायकों ने डीके शिवकुमार को मुख्यमंत्री बनाए जाने के पक्ष में अनुरोध किया है। हुसैन ने कहा कि कांग्रेस एक अनुशासित पार्टी है और सभी नेताओं को मर्यादा में रहकर अपनी बात रखनी चाहिए।
राजनीति में अनुशासन जरूरी
इकबाल हुसैन ने यतींद्र सिद्धारमैया के बयानों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि बार-बार अपने पिता के पक्ष में सार्वजनिक बयान देना पार्टी के लिए असहज स्थिति पैदा करता है। उन्होंने कहा कि निजी भावनाएं अलग हो सकती हैं, लेकिन राजनीति में अनुशासन सबसे अहम होता है और इस तरह के बयान दूसरों को उकसाने वाले होते हैं।
इसी कार्यकाल में डीके शिवकुमार को मिले मौका — हुसैन
हुसैन ने कहा कि पार्टी के कई नेताओं और विधायकों की इच्छा है कि डीके शिवकुमार को इसी कार्यकाल में मुख्यमंत्री बनने का अवसर मिले। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल भ्रम की स्थिति से बचने के लिए अधिकतर नेता सार्वजनिक बयान देने से बच रहे हैं, लेकिन अंदरखाने बातचीत जारी है।
अन्य नेताओं ने भी जताई समर्थन की इच्छा
कांग्रेस एमएलसी चन्नाराज हट्टीहोली ने भी कहा कि वह चाहते हैं कि डीके शिवकुमार इस कार्यकाल में जल्द मुख्यमंत्री बनें। वहीं, कुछ दिन पहले यतींद्र सिद्धारमैया ने दावा किया था कि कांग्रेस हाईकमान ने मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को पूरे कार्यकाल के लिए पद पर बने रहने की अनुमति दे दी है।
यतींद्र सिद्धारमैया के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए डीके शिवकुमार ने कहा कि वह उनके हर बयान का सम्मान करते हैं और अगर उन्होंने खुद को हाईकमान का प्रवक्ता समझते हुए बयान दिया है, तो पार्टी उसे उसी रूप में देखेगी।
नवंबर 2025 से जारी है नेतृत्व को लेकर खींचतान
गौरतलब है कि कर्नाटक कांग्रेस में नेतृत्व को लेकर खींचतान नवंबर 2025 से जारी है, जब सरकार ने अपने पांच साल के कार्यकाल का आधा समय पूरा किया था। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और गृह मंत्री जी परमेश्वर — तीनों ही शीर्ष पद की दौड़ में माने जा रहे हैं।






