दिल्ली में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया है। रेखा गुप्ता सरकार ने बुधवार देर रात एक व्यापक ट्रांसफर आदेश जारी करते हुए आईएएस और DANICS कैडर के कुल 33 अधिकारियों का तबादला किया है। इनमें पांच ऐसे अधिकारी भी शामिल हैं, जो लंबे समय से नई पोस्टिंग का इंतजार कर रहे थे और अब उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं।
सरकार के इस कदम को प्रशासनिक कार्यों को अधिक प्रभावी और सुचारु बनाने की दिशा में उठाया गया निर्णय बताया जा रहा है।
अहम पदों पर नई नियुक्तियां
नई नियुक्तियों के तहत वरिष्ठ आईएएस अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार को वित्त आयुक्त (Finance Commissioner) बनाया गया है। वहीं, प्रशांत गोयल को खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग में अतिरिक्त मुख्य सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। उनके पास पहले से DFC और DSCSC में CDM का अतिरिक्त प्रभार भी है।
इसके अलावा, सौम्या सौरभ को उत्तर-पश्चिम जिले का जिलाधिकारी (DM) नियुक्त किया गया है।
एलजी कार्यालय में बदलाव
सोनिका सिंह को उपराज्यपाल की स्पेशल सेक्रेट्री और प्राइवेट सेक्रेट्री नियुक्त किया गया है। इससे पहले वह दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) में कमिश्नर के पद पर कार्यरत थीं।
वहीं, नवलेंद्र कुमार को जीएसटी विभाग के एडिशनल कमिश्नर से स्थानांतरित कर सोशल वेलफेयर विभाग का एडिशनल डायरेक्टर बनाया गया है।
शिक्षा और अन्य विभागों में भी फेरबदल
हर्षित जैन, जो पहले विधानसभा सचिवालय में जॉइंट सेक्रेट्री थे, अब शिक्षा विभाग में जॉइंट डायरेक्टर के रूप में जिम्मेदारी संभालेंगे। उन्हें 2027 की जनगणना से जुड़े अहम फैसलों की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
अन्य अधिकारियों को नई जिम्मेदारी
मंगल सैन और ओम प्रकाश सैनी, जो नई पोस्टिंग की प्रतीक्षा में थे, उन्हें भी नई भूमिकाएं दी गई हैं। मंगल सैन को सेंट्रल जेल का सुपरिटेंडेंट नियुक्त किया गया है, जबकि ओम प्रकाश सैनी को DSSSB में उप सचिव बनाया गया है।






