रियाद: पश्चिम एशिया में जारी तनावपूर्ण हालात के बीच भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने रविवार को सऊदी अरब के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने पर जोर दिया। साथ ही क्षेत्रीय हालात, पश्चिम एशिया संघर्ष और आपसी हितों से जुड़े अहम मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।
सऊदी के शीर्ष मंत्रियों से मुलाकात
रियाद पहुंचने पर डोभाल का स्वागत भारत के राजदूत सुहेल खान और सऊदी अरब के उप विदेश मंत्री सऊद अल-साती ने किया। इसके बाद उन्होंने सऊदी विदेश मंत्री फैजल बिन फरहान, ऊर्जा मंत्री अब्दुलअजीज बिन सलमान और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार मुसाइद अल-ऐबान से अलग-अलग मुलाकातें कीं। भारतीय दूतावास के अनुसार, इन बैठकों में द्विपक्षीय सहयोग, क्षेत्रीय स्थिति और साझा हितों पर चर्चा हुई।
रणनीतिक समीकरणों पर भारत की नजर
डोभाल की यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है, जब पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष को लेकर कूटनीतिक गतिविधियां तेज हैं। हाल ही में पाकिस्तान में अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत का पहला दौर बिना किसी ठोस नतीजे के खत्म हुआ था। ऐसे में भारत अपने मध्य-पूर्वी साझेदारों के साथ रणनीतिक संबंधों को नए सिरे से मजबूत करने पर ध्यान दे रहा है।
भारतीय नागरिकों की सुरक्षा प्राथमिकता
भारत के लिए खाड़ी देशों में रह रहे अपने नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता बनी हुई है। इसके साथ ही, सरकार क्षेत्र में स्थिरता बनाए रखने और सहयोग को बढ़ाने के लिए कूटनीतिक स्तर पर सक्रिय भूमिका निभा रही है।





