भारतीय सेना ने X पर एक सख्त संदेश जारी करते हुए कहा कि “जब इंसानियत की सीमाएं लांघी जाती हैं, तो जवाब निर्णायक होता है। न्याय मिल गया है, भारत एकजुट है।” इसके साथ सेना ने ऑपरेशन सिंदूर का लोगो साझा करते हुए लिखा—“कुछ सीमाएं कभी नहीं लांघी जानी चाहिए, भारत कभी भूलता नहीं।”
यह बयान पहलगाम हमला की बरसी से एक दिन पहले सामने आया है। पिछले वर्ष 22 अप्रैल को हुए इस हमले में कई निर्दोष नागरिकों की जान गई थी, जिसके जवाब में भारत ने सख्त सैन्य कार्रवाई की थी।
ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में मौजूद आतंकी ठिकानों पर सटीक हमले किए थे। सेना के अनुसार, यह कार्रवाई पूरी तरह लक्षित थी और इसका उद्देश्य केवल उन ठिकानों को नष्ट करना था, जहां से भारत के खिलाफ हमलों की साजिश रची जा रही थी।
सेना ने स्पष्ट किया कि यह कदम पहलगाम में हुए आतंकी हमले का जवाब था और इसका मकसद निर्दोष लोगों की जान लेने वाले आतंकियों को करारा संदेश देना था।






