दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़ी कार्रवाई में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के इशारे पर ड्रोन के जरिए भारत में तस्करी कर लाए गए अत्याधुनिक हथियारों के बड़े जखीरे को बरामद किया है। इस ऑपरेशन के दौरान जिगाना, ग्लोक और PX पिस्टल समेत कुल 23 विदेशी हथियार जब्त किए गए।
इस मामले में पुलिस ने 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि इनमें से कई आरोपी सीधे पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स के संपर्क में थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ड्रोन के जरिए भेजी गई यह खेप असामाजिक तत्वों और कुख्यात गैंगस्टरों तक पहुंचाने की साजिश थी।
इसके अलावा, स्पेशल सेल ने बिहार के मुंगेर से जुड़े देशी हथियारों और उनके पुर्जों को भी बरामद किया है। माना जा रहा है कि यह नेटवर्क दिल्ली-NCR और आसपास के राज्यों में संगठित अपराध और संभावित आतंकी गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए सक्रिय था।
फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स तक पहुंचने की कोशिश जारी है। सुरक्षा एजेंसियां इस ऑपरेशन को बड़ी कामयाबी मान रही हैं।




