शादी का सपना दिखाकर लाखों की ठगी: ‘हनीट्रैप गैंग’ का पर्दाफाश, पुलिसकर्मी भी शामिल
फतेहाबाद जिले में 10 लोगों का एक गिरोह कुंवारे लोगों को शादी का झांसा देकर उन्हें हनीट्रैप में फंसा रहा है। इनमें महिलाओं से लेकर पुलिसकर्मी तक शामिल हैं। पहले कुंवारे युवक ढूंढे जाते हैं, फिर उन्हें महिला से मिलवाया जाता है। इसके बाद उनसे कभी किराया देने तो कभी गिरवी रखे गहने छुड़वाने के नाम पर पैसा ऐंठा जाता है।
ऐसा ही मामला गांव ढाणी ठोबा निवासी युवक के साथ हुआ। इसके बाद गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। गिरोह में शामिल महिला और पड़ोसी दंपती उससे साढ़े तीन लाख रुपए ठग चुके हैं। गिरोह की मुख्य साजिशकर्ता महिला और दो पुलिसकर्मी गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजे जा चुके हैं। मामले में पुलिस ने तीन पुलिसकर्मियों, चार महिलाओं समेत 8 लोगों पर केस दर्ज किया है। ये पुलिसकर्मी फतेहाबाद शहर की हुडा चौकी में तैनात हैं।
सतपाल की शिकायत लेकर किया केस दर्ज :
होमगार्ड भतीजे द्वारा मामला उच्चाधिकारियों के संज्ञान में लाने के बाद पुलिस महकमे में खलबली मच गई। मामले से एसपी निकिता खट्टर को अवगत करवाया गया। जिस पर एसपी के निर्देश पर सतपाल से शिकायत लेकर मामले में केस दर्ज किया गया। पुलिस ने हेड कांस्टेबल राकेश कुमार, एचकेआरएन के तहत कार्यरत ड्राइवर सुनील कुमार व महिला रितु को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया।
आगामी जांच जारी- एसएचओ
सिटी थाना प्रभारी सुरेंद्रा ने बताया कि इस मामले में पुलिस हेड कांस्टेबल राकेश, ड्राइवर सुनील कुमार व महिला रीतू को गिरफ्तार करके न्यायिक हिरासत में हिसार जेल भेज चुकी है। मामले की आगामी जांच जारी है।






