गुवाहाटी: असम में विधानसभा चुनाव से पहले पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल किया गया है। मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के भाई और बरपेटा के एसएसपी सुशांत विश्व शर्मा का तबादला कर उन्हें CID (महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराध) का सीनियर एसएसपी नियुक्त किया गया है। उनकी जगह पुष्किन जैन बरपेटा के नए एसएसपी होंगे।
गुवाहाटी के डीसीपी (इंटेलिजेंस) हरेकृष्ण नाथ को CID (व्हाइट कॉलर क्राइम) का एसएसपी बनाया गया है, जबकि उनकी जिम्मेदारी अब हिरण्य कुमार बर्मन संभालेंगे।
प्रांजल बरुआ बने सादिया के डीएसपी
बसिष्ठ के सहायक पुलिस आयुक्त प्रांजल बरुआ को सादिया का डीएसपी नियुक्त किया गया है। उनकी जगह एसटीएफ के डीएसपी सत्येंद्र सिंह हजारी तैनात होंगे। सादिया के डीएसपी नैमुद्दीन को चराइदेव में डीएसपी (सिक्योरिटी) बनाया गया है। वहीं मृणाल कुमार दास को भी डीएसपी (सिक्योरिटी) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। विजिलेंस और एंटी-करप्शन के डीएसपी ऋतुपर्ण गोगोई को तिनसुकिया का डीएसपी बनाया गया है, जबकि उनकी जगह अमर ज्योति सैकिया नियुक्त किए गए हैं। ये सभी आदेश गृह और राजनीतिक विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अजय तिवारी द्वारा जारी किए गए।
कब हो सकते हैं चुनाव?
असम में विधानसभा चुनाव मार्च–अप्रैल 2026 में संभावित हैं। मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल मई 2026 में समाप्त होगा। वर्ष 2021 के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन ने 75 सीटों के साथ सरकार बनाई थी। इसमें बीजेपी को 60, असम गण परिषद को 9 और यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल को 6 सीटें मिली थीं। वहीं कांग्रेस के नेतृत्व वाले महाजोत को 50 सीटें हासिल हुई थीं, जिसमें कांग्रेस को 29 और एआईयूडीएफ को 16 सीटें मिली थीं। लगातार दूसरी बार सत्ता में लौटकर एनडीए ने राज्य की राजनीति में नया इतिहास रचा था।






