नई दिल्ली: अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच जारी संघर्ष अब 12वें दिन में प्रवेश कर चुका है। इस युद्ध के कारण पश्चिम एशिया का माहौल बेहद तनावपूर्ण और अस्थिर बना हुआ है। इसी बीच बड़ी संख्या में भारतीय नागरिक भी इस क्षेत्र के अलग-अलग देशों में मौजूद हैं।
इस स्थिति के बीच भारत की प्रमुख एयरलाइन Air India और उसकी कम लागत वाली सहयोगी कंपनी Air India Express ने अपनी उड़ानों को लेकर बड़ा अपडेट जारी किया है। दोनों एयरलाइंस मिलकर 11 मार्च को पश्चिम एशिया के लिए कुल 58 निर्धारित और विशेष (गैर-निर्धारित) उड़ानों का संचालन करेंगी।
हवाई क्षेत्र पर पड़ा असर
अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर क्षेत्र के हवाई मार्गों पर भी पड़ा है। कई इलाकों में एयरस्पेस बंद कर दिए गए हैं या उन पर कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं। इन चुनौतियों के बावजूद एयर इंडिया समूह ने हालात को ध्यान में रखते हुए अपनी सेवाओं को सावधानी और योजना के साथ जारी रखने का फैसला किया है।
बुधवार को कुल 58 उड़ानें पश्चिम एशिया और भारत के बीच संचालित होंगी। एयर इंडिया ने मंगलवार को जारी बयान में बताया कि जेद्दा और मस्कट के लिए उसकी निर्धारित उड़ान सेवाएं 11 मार्च को भी जारी रहेंगी।
इससे पहले भारत के नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अनुसार, 9 मार्च को पश्चिम एशिया से भारतीय एयरलाइंस द्वारा 45 उड़ानें संचालित की गई थीं, जिनसे 7,047 यात्री भारत पहुंचे। वहीं एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस संयुक्त अरब अमीरात से आने-जाने वाली करीब 36 अनियमित उड़ानों का संचालन करती हैं, जो उपलब्ध स्लॉट और अन्य परिस्थितियों पर निर्भर करती हैं।







