नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित एआई इंपैक्ट समिट के दौरान प्रदर्शन करने वाले यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं की तलाश में दिल्ली पुलिस जुटी हुई है। अब तक एक प्रदर्शनकारी को हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य की गिरफ्तारी के लिए दिल्ली समेत करीब एक दर्जन ठिकानों पर छापेमारी की गई। दिल्ली पुलिस की एंटी टेरर यूनिट की स्पेशल सेल भी इस मामले में सक्रिय है।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कृष्ण हरि की कार बरामद की है, जिसमें से टी-शर्ट और पोस्टर जब्त किए गए हैं। एक अन्य यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता को भी हिरासत में लिया गया है, जिसकी औपचारिक गिरफ्तारी जल्द किए जाने की बात कही जा रही है।
पांच दिन की पुलिस हिरासत
दिल्ली की एक अदालत ने एआई इंपैक्ट समिट स्थल पर प्रदर्शन के आरोप में गिरफ्तार भारतीय युवा कांग्रेस के चार कार्यकर्ताओं को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में बिहार से राष्ट्रीय सचिव कृष्णा हरि, बिहार से प्रदेश सचिव कुंदन यादव, उत्तर प्रदेश से प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार और तेलंगाना से नरसिम्हा यादव शामिल हैं। अदालत ने दिल्ली पुलिस को इनसे पूछताछ की अनुमति दे दी है।
क्या हैं आरोप?
दिल्ली पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रविरोधी नारे लगाए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आपत्तिजनक तस्वीरों वाली टी-शर्ट पहनी थी। उन पर कार्यक्रम स्थल पर तैनात सुरक्षाकर्मियों और पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई करने का भी आरोप है। पुलिस ने पांच दिन की हिरासत की मांग करते हुए कहा कि मामले की गहन पूछताछ आवश्यक है।
शनिवार दोपहर चारों आरोपियों को न्यायिक मजिस्ट्रेट रवि की अदालत में पेश किया गया, जहां दलीलें सुनने के बाद अदालत ने पुलिस हिरासत की मांग स्वीकार कर ली।







