उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के रिसिया ब्लॉक स्थित पटेल नगर गांव की रहने वाली 23 साल की नैना चौहान ने वैश्विक स्तर पर भारत का गौरव बढ़ाया है। बेहद गरीब परिवार से ताल्लुक रखने वाली नैना को लंदन के रॉयल अल्बर्ट हॉल में आयोजित ‘द किंग्स ट्रस्ट सेलिब्रेशन’ में प्रतिष्ठित ‘अमल क्लूनी महिला सशक्तिकरण पुरस्कार 2026’ से सम्मानित किया गया। इस खास मौके पर उन्हें ब्रिटेन के किंग चार्ल्स III और क्वीन कैमिला से व्यक्तिगत रूप से मिलने और बातचीत करने का गौरव भी प्राप्त हुआ।
नैना का यह सफर बेहद संघर्षपूर्ण रहा है। पारिवारिक और आर्थिक तंगहाली के कारण उन्हें बचपन में ही पढ़ाई छोड़नी पड़ी थी। उन्होंने अपने परिवार का पेट पालने के लिए खेतों में मजदूरी की और गांव के बच्चों को ट्यूशन पढ़ाकर खुद की पढ़ाई के लिए पैसे जुटाए। इस कठिन दौर में आगा खान फाउंडेशन और द किंग्स ट्रस्ट इंटरनेशनल की संयुक्त पहल ‘प्रोजेक्ट लहर’ उनके लिए मददगार बनी। इसकी सहायता से नैना न केवल दोबारा स्कूल लौटीं और स्कॉलरशिप हासिल कर अपनी पढ़ाई पूरी की, बल्कि आज वे खुद एक लाइफ स्किल्स ट्रेनर के रूप में सैकड़ों ग्रामीण लड़कियों को बाल विवाह के खिलाफ जागरूक कर उन्हें आत्मनिर्भर बना रही हैं।
Swatantra@Sgar






