Home » ताजा खबर » लश्कर के बांग्लादेश मॉड्यूल का पर्दाफाश: हैंडलर शब्बीर के हाफिज सईद से संबंध, ISI से हो रही थी फंडिंग

लश्कर के बांग्लादेश मॉड्यूल का पर्दाफाश: हैंडलर शब्बीर के हाफिज सईद से संबंध, ISI से हो रही थी फंडिंग

दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने शुक्रवार सुबह एक बड़े आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए 8 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। इनमें से 6 को तमिलनाडु और 2 को पश्चिम बंगाल से पकड़ा गया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, कुछ आरोपी बांग्लादेशी नागरिक बताए जा रहे हैं। सभी से गहन पूछताछ जारी है। उनके पास से कई मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद हुए हैं, जिन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।

जांच में सामने आया है कि इन संदिग्धों का हैंडलर शब्बीर अहमद लोन, मुंबई के 26/11 हमलों के मास्टरमाइंड हाफिज सईद और जकी-उर-रहमान लखवी के संपर्क में था।

ISI से फंडिंग के आरोप

स्पेशल सेल के मुताबिक, यह मॉड्यूल लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा बताया जा रहा है। जांच एजेंसी का दावा है कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI भारत में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों की भर्ती में जुटी थी। एजेंसी के अनुसार, इस नेटवर्क को फंडिंग भी ISI के जरिए की जा रही थी।

सूत्रों के अनुसार, बांग्लादेश में सक्रिय हैंडलर शब्बीर अहमद लोन वर्ष 2007 से ही सीधे हाफिज सईद और जकी-उर-रहमान लखवी के संपर्क में था। बताया जाता है कि 2007 में जब स्पेशल सेल ने उसे दिल्ली से गिरफ्तार किया था, तब उसके पास से ऐसे सबूत मिले थे जो इन दोनों आतंकी सरगनाओं से उसके सीधे संपर्क की ओर इशारा करते थे।

फिलहाल एजेंसियां पूरे नेटवर्क और उसके संभावित लिंक की गहन जांच में जुटी हैं।

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This