इंदौर: राजधानी दिल्ली में भारत मंडपम में हुए शर्टलेस प्रदर्शन के बाद इंदौर में राजनीतिक माहौल गरमा गया। इस मुद्दे को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प हो गई, जो बाद में पथराव में बदल गई। घटना में दोनों पक्षों के कई कार्यकर्ता घायल बताए जा रहे हैं।
कांग्रेस कार्यालय के घेराव से बढ़ा तनाव
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली में एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान हुए अर्धनग्न प्रदर्शन के विरोध में भाजयुमो कार्यकर्ता इंदौर स्थित कांग्रेस कार्यालय (गांधी भवन) का घेराव करने पहुंचे थे। वे नारेबाजी कर रहे थे, तभी कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने स्थिति संभालने के लिए दोनों पक्षों के बीच बैरिकेडिंग कर दी थी, लेकिन कुछ ही देर में माहौल बिगड़ गया और दोनों ओर से पत्थरबाजी शुरू हो गई। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के आमने-सामने आने से तनाव और बढ़ गया।
कई कार्यकर्ता घायल
पथराव के दौरान दोनों दलों के कई कार्यकर्ता घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और स्थिति पर काबू पाने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया।
भाजयुमो का आरोप है कि दिल्ली में हुए प्रदर्शन से देश की छवि धूमिल करने की कोशिश की गई। वहीं कांग्रेस ने इस पूरे घटनाक्रम को राजनीतिक विरोध का हिस्सा बताया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हालात पर नजर बनाए हुए है।






