मध्य प्रदेश की लाडली बहनों के लिए शुक्रवार को बड़ी खुशखबरी है। मुख्यमंत्री मोहन यादव 16 जनवरी को राज्य स्तरीय लाडली बहना सम्मेलन के दौरान लाभार्थी महिलाओं के बैंक खातों में योजना की 32वीं किश्त ट्रांसफर करेंगे। यह कार्यक्रम नर्मदापुरम जिले के माखन नगर (बाबई) में आयोजित किया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री यादव प्रदेश की 1.25 करोड़ से अधिक पात्र लाडली बहनों के खातों में 1,836 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि सीधे अंतरित करेंगे। इसके साथ ही गैस सिलेंडर रिफिलिंग सहायता योजना के तहत 29 लाख लाभार्थियों को 90 करोड़ रुपये से अधिक की राशि भी उनके खातों में जमा की जाएगी।
आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री कई विकास परियोजनाओं का भूमि पूजन और उद्घाटन भी करेंगे। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा,
“महिला सशक्तिकरण राज्य सरकार का संकल्प है। कल मैं ‘लाडली बहना’ योजना की 32वीं किश्त लाभार्थियों के खातों में ट्रांसफर करूंगा और उनसे संवाद करूंगा।”
जून 2023 में शुरू हुई थी योजना
मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना की शुरुआत जून 2023 में की गई थी। नवंबर 2025 से इस योजना के तहत दी जाने वाली मासिक सहायता राशि में 250 रुपये की बढ़ोतरी की गई, जिसके बाद पात्र महिला लाभार्थियों को प्रति माह 1,500 रुपये की सहायता मिल रही है। जून 2023 से दिसंबर 2025 तक योजना की 31 किस्तें नियमित रूप से महिलाओं के खातों में ट्रांसफर की जा चुकी हैं। जनवरी 2026 में 32वीं किस्त जारी की जाएगी।
अब तक खर्च हुआ इतना बजट
जून 2023 से दिसंबर 2025 के बीच लाडली बहना योजना के तहत कुल 48,632.70 करोड़ रुपये की राशि लाभार्थियों के खातों में ट्रांसफर की जा चुकी है। केवल जनवरी 2024 से दिसंबर 2025 के दौरान 38,635.89 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया।
राज्य सरकार का कहना है कि लाडली बहना योजना ने प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और सम्मान प्रदान किया है। आने वाले समय में लाभार्थी महिलाओं को रोजगार, स्वरोजगार और कौशल विकास कार्यक्रमों से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे, ताकि वे और अधिक सशक्त बन सकें।



