मोहन यादव पर लगे आरोपों को बीजेपी ने बताया निराधार, हेमंत खंडेलवाल बोले- कांग्रेस फैला रही भ्रम
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी की मध्यप्रदेश इकाई ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कांग्रेस पर भ्रम फैलाने और राजनीतिक षड्यंत्र रचने का आरोप लगाया है। भाजपा का कहना है कि मुख्यमंत्री प्रदेश के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं और कांग्रेस उनकी लोकप्रियता से घबराकर बेबुनियाद आरोप लगा रही है।
आरोपों में कोई सच्चाई नहीं: हेमंत खंडेलवाल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि कांग्रेस द्वारा लगाए गए आरोप पूरी तरह तथ्यहीन हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वर्ष 2023 में नामांकन के दौरान अपनी संपत्ति का जो विवरण दिया था, उसमें दर्ज 17 एकड़ भूमि आज भी उतनी ही है। इसी प्रकार उनकी पत्नी सीमा यादव के नाम दर्ज 12.29 एकड़ भूमि में भी वर्ष 2026 तक कोई बदलाव नहीं हुआ है।
खंडेलवाल ने बताया कि जिस सिद्धि विनायक कंपनी का आरोपों में उल्लेख किया गया है, उसके पास वर्ष 2023 में 68 एकड़ भूमि थी, जो अब घटकर लगभग 65 एकड़ रह गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि डॉ. मोहन यादव वर्ष 2017 में ही कंपनी के निदेशक पद से इस्तीफा दे चुके थे।
बेटे और बहू की जमीन खरीद पर भी दिया जवाब
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री के पुत्र वैभव यादव के पास वर्ष 2023 से पहले लगभग 16 एकड़ भूमि थी और मुख्यमंत्री बनने के बाद उसमें कोई वृद्धि नहीं हुई। उन्होंने बताया कि यह भूमि मास्टर प्लान लागू होने से पहले खरीदी गई थी।
खंडेलवाल के अनुसार, मुख्यमंत्री की बहू शालिनी यादव ने 10 एकड़ कृषि भूमि खरीदी है, जो मास्टर प्लान क्षेत्र के बाहर स्थित है। उन्होंने आरोपों में जिन रिश्तेदारों का उल्लेख किया गया है, उन्हें भी भ्रामक बताया और कहा कि मुख्यमंत्री तथा उनके परिवार का उनसे कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि संबंधित रिश्तेदार स्वयं भी इन आरोपों का जवाब देंगे और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करेंगे।
पिछड़े वर्ग के नेतृत्व को कांग्रेस नहीं कर पाती स्वीकार: भाजपा
हेमंत खंडेलवाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस हमेशा पिछड़े वर्ग के नेताओं को निशाना बनाती रही है। उन्होंने कहा कि चाहे उमा भारती हों, शिवराज सिंह चौहान हों या वर्तमान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, कांग्रेस ने हर बार उनके खिलाफ षड्यंत्र रचने का प्रयास किया है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव किसानों, उद्योगों और प्रदेश के समग्र विकास के लिए लगातार काम कर रहे हैं। कांग्रेस विकास के मुद्दों पर मुकाबला नहीं कर पा रही है, इसलिए झूठे आरोपों के सहारे उनकी छवि धूमिल करने की कोशिश कर रही है।
खंडेलवाल ने कहा कि भाजपा कांग्रेस के सभी आरोपों का पूरी मजबूती और तथ्यों के साथ खंडन करती है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता ऐसे राजनीतिक षड्यंत्रों को समझती है और उन्हें स्वीकार नहीं करेगी।






