भाजपा में राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो रही है। पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन सोमवार, 19 जनवरी को अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल करेंगे। जानकारी के मुताबिक, दोपहर 2 से 4 बजे के बीच नितिन नबीन नामांकन दाखिल करेंगे। इसके बाद शाम 4 से 5 बजे नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी और शाम 5 से 6 बजे तक नाम वापस लेने की प्रक्रिया पूरी होगी।
चुनाव कब होगा?
भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव का आयोजन 20 जनवरी को होगा। उसी दिन नए अध्यक्ष के नाम की घोषणा भी की जाएगी। इस मौके पर पार्टी के सभी मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। नए अध्यक्ष का चुनाव 5708 मतदाताओं के बीच होगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी शामिल हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए तैयार किए गए इलेक्टोरल रोल में 30 राज्यों के नेताओं को शामिल किया गया है। इसमें राष्ट्रीय परिषद और राज्य परिषद के नेता शामिल हैं। नेशनल काउंसिल की पार्लियामेंट्री पार्टी के 35 सदस्य इस चुनाव में वोट करेंगे, जिनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, जेपी नड्डा और राजनाथ सिंह जैसे नेता शामिल हैं।
नितिन नबीन के बारे में
नितिन नबीन बिहार से पांच बार विधायक रह चुके हैं और 15 दिसंबर को उन्हें बीजेपी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था। 46 वर्षीय नबीन पार्टी के अब तक के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने जा रहे हैं। उन्हें एक कर्मठ कार्यकर्ता के रूप में जाना जाता है और उनकी नियुक्ति को पार्टी में बड़े बदलाव का संकेत माना जा रहा है।






