नई दिल्ली: भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस मुलाकात की जानकारी प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की और साथ ही तस्वीरें भी पोस्ट कीं। पीएम मोदी ने अपने संदेश में लिखा कि उन्होंने नितिन नबीन से भेंट की और उन्हें नई जिम्मेदारी संभालने पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हम सभी मिलकर जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध होकर काम करेंगे।
गौरतलब है कि हाल ही में नितिन नबीन को भाजपा का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उन्होंने दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा की मौजूदगी में पदभार ग्रहण किया था।
पीएम ने नितिन नबीन को दी बधाई
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, “मैंने भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन जी से मुलाकात की। उन्हें उनकी नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी और जमीनी स्तर पर पार्टी को सशक्त बनाने के उनके प्रयासों के लिए शुभकामनाएं दीं। मुझे विश्वास है कि उनका संगठनात्मक और प्रशासनिक अनुभव पार्टी के लिए बेहद उपयोगी सिद्ध होगा, क्योंकि हम सभी मिलकर जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए काम कर रहे हैं।”
‘नया दायित्व पार्टी का आशीर्वाद’
इससे पहले नितिन नबीन ने अपनी नियुक्ति पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह नया दायित्व पार्टी का आशीर्वाद है। उन्होंने शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार जताया और अपने दिवंगत पिता एवं भाजपा के पूर्व विधायक नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा के विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया। नितिन नबीन ने कहा, “मैंने हमेशा अपने पिता के सिद्धांतों पर चलते हुए काम किया है, जो पार्टी को अपनी मां और राष्ट्र को सर्वोपरि मानते थे। मेरा विश्वास है कि इसी सोच के कारण पार्टी ने मुझे यह जिम्मेदारी सौंपी है, ताकि मैं भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर संगठन को और मजबूत कर सकूं।”






