Home » ताजा खबर » उत्तराखंड में पुष्कर सिंह धामी सरकार का कैबिनेट विस्तार, 5 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली

उत्तराखंड में पुष्कर सिंह धामी सरकार का कैबिनेट विस्तार, 5 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली

देहरादून: पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली उत्तराखंड सरकार ने शुक्रवार को मंत्रिमंडल का विस्तार किया। लोकभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में पांच विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली। इनमें देहरादून से खजान दास, रुद्रप्रयाग से भरत चौधरी, हरिद्वार से मदन कौशिक, रुड़की से प्रदीप बत्रा और नैनीताल से राम सिंह कैड़ा शामिल हैं। सभी को राज्यपाल गुरमीत सिंह ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

कैबिनेट विस्तार के बाद मुख्यमंत्री धामी ने नए मंत्रियों को बधाई देते हुए कहा कि सभी को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है और उनके अनुभव से राज्य के विकास को गति मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि ये सभी नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के विजन को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएंगे।

संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार उत्तराखंड में मंत्रिमंडल में अधिकतम 12 सदस्य हो सकते हैं। वर्ष 2022 में भाजपा सरकार के दूसरे कार्यकाल की शुरुआत के समय आठ मंत्रियों ने शपथ ली थी। बाद में सामाजिक कल्याण एवं परिवहन मंत्री चंदन रामदास के निधन और वित्त व संसदीय कार्य मंत्री प्रेम चंद अग्रवाल के इस्तीफे के बाद मंत्रिमंडल की संख्या घटकर सात रह गई थी। अब नए विस्तार के साथ मंत्रिमंडल को मजबूती मिली है।

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This