Home » मध्य प्रदेश » मिर्च व्यापारी हत्याकांड: पत्नी ने प्रेमी संग रची साजिश, जांच में चौंकाने वाला खुलासा

मिर्च व्यापारी हत्याकांड: पत्नी ने प्रेमी संग रची साजिश, जांच में चौंकाने वाला खुलासा

Dhar Husband Murder Case: मध्य प्रदेश के धार जिले में हुए सनसनीखेज हत्या मामले का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया। राजोद थाना क्षेत्र के गोंदीखेड़ा चारण में मिर्च व्यापारी देवकृष्ण पुरोहित की हत्या की साजिश उसकी पत्नी प्रियंका ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर रची थी। पुलिस ने पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है।

शुरुआत में इस वारदात को लूट के रूप में पेश किया गया था। प्रियंका ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात बदमाश घर में घुसे, पति की हत्या की और उसे बंधक बनाकर सोने-चांदी के जेवर और नकदी लूटकर फरार हो गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। एसपी मयंक अवस्थी के निर्देशन में गठित टीम ने घटनास्थल पर फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट, डॉग स्क्वॉड और साइबर टीम की मदद से जांच की। इस दौरान मिले तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस का शक प्रियंका पर गया।

पूछताछ में पहले प्रियंका ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती और मनोवैज्ञानिक पूछताछ के बाद उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि राजगढ़ निवासी कमलेश पुरोहित के साथ उसका लंबे समय से प्रेम संबंध था। पति से परेशान होकर दोनों ने मिलकर हत्या की साजिश रची। कमलेश ने अपने साथी सुरेंद्र भाटी को एक लाख रुपये की सुपारी देकर देवकृष्ण की हत्या करवाई और घटना को लूट का रूप देने की योजना बनाई।

हत्या के बाद घर में सामान बिखेरकर लूट की झूठी कहानी गढ़ी गई ताकि पुलिस को भ्रमित किया जा सके। पुलिस ने प्रियंका और उसके प्रेमी कमलेश को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि सह-आरोपी सुरेंद्र भाटी की तलाश जारी है।

बताया जा रहा है कि देवकृष्ण और प्रियंका की शादी करीब 11 साल पहले हुई थी और 2021 में प्रियंका का गौना हुआ था। परिवार के मुताबिक, प्रियंका का व्यवहार शुरू से ही ठीक नहीं था और घर में अक्सर विवाद होते रहते थे। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग कर रहे हैं।

फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This