Home » ताजा खबर » JNU में PM मोदी और अमित शाह के खिलाफ लगे विवादित नारों पर बोले CM फडणवीस

JNU में PM मोदी और अमित शाह के खिलाफ लगे विवादित नारों पर बोले CM फडणवीस

नई दिल्ली: जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ लगाए गए विवादित नारों को लेकर सियासी घमासान जारी है। नारेबाजी के मामले में JNU प्रशासन की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस घटना को लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला बताते हुए कहा है कि JNU राष्ट्र-विरोधी गतिविधियों का केंद्र नहीं बन सकता।

इस बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस मामले पर कड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि JNU में देशविरोधी सोच को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे इरादों को सख्ती से कुचला जाएगा।

क्या है पूरा मामला

दरअसल, मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट ने फरवरी 2020 के दिल्ली दंगों से जुड़े मामले में सुनवाई के दौरान जेल में बंद आरोपियों शरजील इमाम और उमर खालिद को जमानत देने से इनकार कर दिया। कोर्ट के फैसले के बाद JNU परिसर में प्रदर्शन हुआ, जहां कथित तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को निशाना बनाते हुए आपत्तिजनक नारे लगाए गए। इसके बाद यह मुद्दा राष्ट्रीय स्तर पर राजनीतिक विवाद का कारण बन गया।

CM फडणवीस का बयान

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नागपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा,
“जेएनयू में प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के खिलाफ जो आपत्तिजनक नारे लगाए गए हैं, वे देश को तोड़ने वाली सोच को दर्शाते हैं। ऐसे नापाक इरादों को किसी भी हालत में चलने नहीं दिया जाएगा। जो लोग देशद्रोही ताकतों के साथ खड़े हैं, उनके मंसूबों को कुचला जाएगा।”

छत्रपति शिवाजी महाराज पर भी दी प्रतिक्रिया

केंद्रीय मंत्री सीआर पाटील द्वारा छत्रपति शिवाजी महाराज को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए फडणवीस ने कहा कि उन्हें पाटील के बयान की पूरी जानकारी नहीं है, लेकिन छत्रपति शिवाजी महाराज किसी एक समाज या जाति तक सीमित नहीं थे।
उन्होंने कहा, “महापुरुष किसी एक जाति या समाज के नहीं होते, वे पूरे देश के होते हैं। छत्रपति शिवाजी महाराज पूरे राष्ट्र के गौरव हैं। आज हम जो कुछ भी हैं, वह उनके योगदान की वजह से है। महापुरुषों को जातियों में बांटना उचित नहीं है।”

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This