असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने एक बार फिर बांग्लादेशी घुसपैठ को लेकर बड़ा और चौंकाने वाला बयान दिया है। उन्होंने कहा कि यदि असम में रह रहे बांग्लादेशी मूल के लोगों की आबादी में 10 प्रतिशत की और वृद्धि होती है, तो असम अपने आप बांग्लादेश का हिस्सा बन जाएगा। यह बयान उन्होंने मंगलवार को एक आधिकारिक कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह पिछले पांच वर्षों से लगातार इस गंभीर मुद्दे को उठा रहे हैं।
क्या बोले सीएम हिमंत विश्व शर्मा
दरअसल, मुख्यमंत्री से बांग्लादेश के एक नेता की उस टिप्पणी पर सवाल किया गया था, जिसमें भारत के पूर्वोत्तर राज्यों को बांग्लादेश में मिलाने की बात कही गई थी। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए सीएम हिमंत ने कहा,
“असम में करीब 40 प्रतिशत आबादी बांग्लादेशी मूल की है। यदि यह आंकड़ा 10 प्रतिशत और बढ़ता है, तो हम स्वतः ही उसमें शामिल हो जाएंगे। यही कारण है कि मैं पिछले पांच सालों से इस खतरे को लेकर आवाज उठा रहा हूं।”
बांग्लादेशी नेता ने क्या कहा था
गौरतलब है कि दिसंबर की शुरुआत में बांग्लादेश में बने नए राजनीतिक दल नेशनल सिटिजन पार्टी (NCP) के एक नेता हसनत अब्दुल्ला ने कथित तौर पर कहा था कि बांग्लादेश को भारत के पूर्वोत्तर राज्यों को ‘अलग-थलग’ करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा था कि ढाका सरकार को इस क्षेत्र में अलगाववादी तत्वों का समर्थन करना चाहिए।
सोशल मीडिया पोस्ट के मामले में गिरफ्तारी
इधर, असम के कामरूप जिले में पुलिस ने मंगलवार को एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उस पर बांग्लादेश में एक हिंदू युवक की पीट-पीटकर हत्या का समर्थन करने और उससे जुड़े वीडियो को सोशल मीडिया पर साझा करने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने फेसबुक और इंस्टाग्राम पर पोस्ट के जरिए इस अपराध का समर्थन किया था। मामले की जांच जारी है।






