Home » ताजा खबर » दिल्ली की 3,000 से अधिक छात्राओं को सीएम रेखा गुप्ता ने बांटी साइकिलें, स्कूल पहुंचना होगा आसान

दिल्ली की 3,000 से अधिक छात्राओं को सीएम रेखा गुप्ता ने बांटी साइकिलें, स्कूल पहुंचना होगा आसान

‘विद्या वाहिनी योजना’ की शुरुआत, दिल्ली की 3,000 से अधिक छात्राओं को मिली साइकिलें

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को ‘विद्या वाहिनी योजना’ के तहत सरकारी स्कूलों में कक्षा 9 में पढ़ने वाली 3,000 से अधिक छात्राओं को साइकिलें वितरित कीं। इस योजना का उद्देश्य छात्राओं के लिए स्कूल तक पहुंच को आसान बनाना, उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना और शिक्षा के प्रति उनका आत्मविश्वास बढ़ाना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल केवल साइकिल वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि बेटियों की शिक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में सरकार का एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने छात्राओं को मन लगाकर पढ़ाई करने, अपने सपनों को पूरा करने और परिवार, दिल्ली तथा देश का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

1.40 लाख से अधिक छात्राओं को मिलेगा योजना का लाभ

रेखा गुप्ता ने बताया कि सरकार का लक्ष्य चरणबद्ध तरीके से दिल्ली के सरकारी विद्यालयों में कक्षा 9 में अध्ययनरत 1.40 लाख से अधिक छात्राओं को इस योजना का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने घोषणा की कि अगले एक महीने के भीतर सभी पात्र छात्राओं को साइकिलें उपलब्ध कराई जाएंगी।

स्कूल तक पहुंच होगी आसान, बढ़ेगी छात्राओं की भागीदारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘विद्या वाहिनी योजना’ का उद्देश्य छात्राओं के लिए स्कूल आने-जाने की सुविधा बेहतर बनाना, उनकी नियमित उपस्थिति बढ़ाना और उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद जैसी गतिविधियों में भी अधिक अवसर उपलब्ध कराना है।

उन्होंने कहा,
“आज का दिन दिल्ली की बेटियों के लिए बेहद खास है। सरकार ने तय किया है कि सरकारी स्कूलों में कक्षा 9 में प्रवेश लेने वाली प्रत्येक छात्रा को साइकिल दी जाएगी। इससे न केवल उनका स्कूल तक का सफर आसान होगा, बल्कि उनकी शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को भी नई मजबूती मिलेगी।”

परिवार का खर्च होगा कम, बढ़ेगा आत्मविश्वास

रेखा गुप्ता ने कहा कि यह योजना परिवारों पर आने वाले परिवहन खर्च को भी कम करेगी। साथ ही छात्राओं का आत्मविश्वास बढ़ेगा और उन्हें अपने भविष्य के सपनों को पूरा करने के लिए बेहतर अवसर मिलेंगे।

इस कार्यक्रम में दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, कैबिनेट मंत्री आशीष सूद, विधायक रविंद्र नेगी समेत कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Diclaimer : इसका हमारी The भारत SSSRK News24x7 समाचार और राष्ट्र दर्शन (सबसे तेज़, सबसे आगे…),
यह एक आंकलन मात्र है…

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This