Home » ताजा खबर » राहुल गांधी के जन्मदिन पर कांग्रेस का मेगा रोजगार मेला, 150 से अधिक कंपनियां देंगी नौकरी के अवसर

राहुल गांधी के जन्मदिन पर कांग्रेस का मेगा रोजगार मेला, 150 से अधिक कंपनियां देंगी नौकरी के अवसर

राहुल गांधी के जन्मदिन पर कांग्रेस का ‘महा रोजगार मेला’, 150 से अधिक कंपनियां देंगी नौकरी के अवसर

नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के जन्मदिन के अवसर पर कांग्रेस 19 जून को राजधानी दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में एक विशाल ‘महा रोजगार मेला’ आयोजित करने जा रही है। सुबह 10 बजे से शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में 150 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां और संस्थान हिस्सा लेंगे। आयोजन भारतीय युवा कांग्रेस और दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।

आयोजकों के अनुसार, इच्छुक युवा ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से पंजीकरण करा सकते हैं। क्यूआर कोड स्कैन करने पर भारतीय युवा कांग्रेस की वेबसाइट खुलेगी, जहां उम्मीदवार अपना आवेदन भर सकते हैं। वहीं, जो युवा पूर्व पंजीकरण नहीं करा पाएंगे, उन्हें 19 जून को तालकटोरा स्टेडियम में मौके पर ही रजिस्ट्रेशन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

रोजगार मेले में 10वीं पास से लेकर स्नातकोत्तर (पोस्ट ग्रेजुएट) तक के अभ्यर्थी अपनी योग्यता के अनुसार विभिन्न पदों के लिए साक्षात्कार दे सकेंगे। पंजीकरण प्रक्रिया पूरी तरह निशुल्क रखी गई है।

चयनित उम्मीदवारों को मौके पर मिलेगा ऑफर लेटर

कांग्रेस नेताओं का दावा है कि रोजगार मेले की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी होगी। उम्मीदवारों का चयन उनकी योग्यता और साक्षात्कार के आधार पर किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को कार्यक्रम स्थल पर ही ऑफर लेटर सौंपे जाने की व्यवस्था की गई है।

इसके अलावा, रोजगार मेले के समापन के बाद भी एक विशेष हेल्पलाइन नंबर एक महीने तक सक्रिय रहेगा। यदि किसी उम्मीदवार को जॉइनिंग या अन्य प्रक्रिया में कोई समस्या आती है, तो वह इस हेल्पलाइन के माध्यम से सहायता प्राप्त कर सकेगा।

बेरोजगारी और पेपर लीक को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना

इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार की रोजगार नीतियों और पेपर लीक की घटनाओं को लेकर भाजपा पर हमला बोला। उनका कहना था कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में बेरोजगारी और भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाएं लगातार बढ़ी हैं, जिससे लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है।

कांग्रेस ने दावा किया कि भले ही वह केंद्र की सत्ता में नहीं है और सरकारी नौकरियां देने की स्थिति में नहीं है, लेकिन निजी क्षेत्र के माध्यम से युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास कर रही है।

पिछले आयोजनों में हजारों युवाओं को मिला रोजगार

आयोजकों ने बताया कि पिछले वर्ष दिल्ली में आयोजित रोजगार मेले में करीब 18 हजार युवाओं ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से लगभग 7 हजार को रोजगार के अवसर मिले। इसी तरह जयपुर में करीब 3 हजार और पटना में लगभग 10 हजार युवाओं को नौकरियां प्राप्त हुई थीं। इन आयोजनों में औसत चयन दर लगभग 30 प्रतिशत रही।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि दिल्ली समेत देशभर का युवा बढ़ती बेरोजगारी और महंगाई से जूझ रहा है। ऐसे समय में यह रोजगार मेला युवाओं के लिए नई संभावनाओं और उम्मीदों का मंच बनेगा। उनका दावा है कि पिछले वर्ष पहले ही दिन लगभग 3,500 युवाओं को मौके पर नौकरी मिली थी और इस बार यह संख्या और अधिक रहने की उम्मीद है।

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This