नई दिल्ली: साउथ दिल्ली के नेहरू नगर में शुक्रवार को माहौल कुछ अलग नजर आया। रोज़ की तरह लोग दिनभर की मेहनत के बाद थके हुए जरूर दिखे, लेकिन आज उनके चेहरों पर सुकून साफ झलक रहा था। इसकी वजह थी दिल्ली में शुरू हुई अटल कैंटीन, जहां लोगों को सस्ता, गरम और स्वादिष्ट भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। शहर के अलग-अलग इलाकों में खुली अटल कैंटीन के बाहर लंबी कतारें देखने को मिलीं। रिक्शा चालक, दिहाड़ी मजदूर और झुग्गी बस्तियों में रहने वाले लोग हाथों में कूपन लिए अपनी बारी का इंतजार करते दिखे। कैंटीन के भीतर प्लेटों की आवाज, भोजन की खुशबू और आपसी बातचीत ने पूरे माहौल को जीवंत बना दिया।
25 दिसंबर को हुआ अटल कैंटीन का उद्घाटन
अटल कैंटीन में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और मंत्री आशीष सूद की तस्वीरें लगाई गई हैं। इस योजना का शुभारंभ 25 दिसंबर को अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के अवसर पर किया गया। उद्घाटन केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने किया।
दिल्ली में एक साथ शुरू हुईं 45 अटल कैंटीन
दिल्ली के विभिन्न इलाकों में एक साथ 45 अटल कैंटीन की शुरुआत की गई है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी साझा किया है, जिसमें कैंटीन कर्मचारी लोगों को भोजन परोसते नजर आ रहे हैं। वीडियो में लोग लाइन में अपनी बारी का इंतजार करते हुए और टेबल-कुर्सी पर बैठकर आराम से भोजन करते दिखाई दे रहे हैं।
सीएम ने सोशल मीडिया पर साझा किया संदेश
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “अटल कैंटीन के माध्यम से मात्र 5 रुपये में पौष्टिक और सम्मानजनक भोजन उपलब्ध कराकर हम अपने मेहनतकश श्रमिकों और जरूरतमंद परिवारों के साथ मजबूती से खड़े हैं। अटल बिहारी वाजपेयी के सुशासन, मानवीय संवेदना और गरीब कल्याण की सोच से प्रेरित यह पहल सरकार की उस प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जिसमें अंतिम व्यक्ति तक सुविधाएं पहुंचाने का लक्ष्य है।”
सिर्फ 5 रुपये में पौष्टिक भोजन
अटल कैंटीन की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहां भोजन की थाली केवल 5 रुपये में उपलब्ध कराई जा रही है। इस पहल से गरीब और जरूरतमंद लोग बेहद कम कीमत पर पौष्टिक और भरपेट भोजन कर पा रहे हैं।






