Home » ताजा खबर » दिल्ली में 6 साल बाद मार्च का सबसे ठंडा दिन, जानिए ईद पर कैसा रहेगा मौसम

दिल्ली में 6 साल बाद मार्च का सबसे ठंडा दिन, जानिए ईद पर कैसा रहेगा मौसम

नई दिल्ली: बारिश और तेज हवाओं के चलते राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। यह दिन पिछले छह वर्षों में मार्च का सबसे ठंडा दिन रहा। साथ ही वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 93 दर्ज किया गया, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है। करीब पांच महीनों बाद लोगों को साफ हवा में सांस लेने का मौका मिला।

शुक्रवार को शहर में करीब 7 मिमी बारिश हुई, जिससे मार्च महीने में अब तक कुल वर्षा 16.2 मिमी पहुंच गई है। यह 2023 के बाद पिछले तीन वर्षों में मार्च का सबसे ज्यादा बारिश वाला महीना बन गया है। मौसम विभाग के अनुसार 23 मार्च तक वायु गुणवत्ता ‘मध्यम’ श्रेणी में बनी रहने की संभावना है।

ईद के दिन यानी शनिवार को मौसम आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहने का अनुमान है। न्यूनतम तापमान करीब 14 डिग्री और अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, सफदरजंग में अधिकतम तापमान 21.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से काफी कम है। इससे पहले मार्च 2020 में 21.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ था।

राजधानी के अन्य इलाकों में भी तापमान सामान्य से नीचे रहा। पालम में अधिकतम तापमान 21.2 डिग्री, लोधी रोड में 21.0 डिग्री, रिज में 21.1 डिग्री और आयानगर में 21.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान सफदरजंग में 16 डिग्री, पालम में 14.7 डिग्री, लोधी रोड में 15.8 डिग्री, रिज में 15.1 डिग्री और आयानगर में 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This