दिल्ली की हवा में लगातार सुधार, इस साल 137 ‘क्लीन एयर’ दिन दर्ज; पांच दिनों से ‘संतोषजनक’ श्रेणी में AQI
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की वायु गुणवत्ता में इस वर्ष उल्लेखनीय सुधार देखने को मिल रहा है। दिल्ली सरकार के अनुसार, 4 अगस्त 2026 तक राजधानी में 137 ‘क्लीन एयर’ (स्वच्छ हवा) वाले दिन दर्ज किए जा चुके हैं। यह आंकड़ा पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 7 दिन अधिक है। पिछले साल 4 अगस्त तक दिल्ली में 130 स्वच्छ हवा वाले दिन रिकॉर्ड किए गए थे।
सरकार ने मंगलवार को जारी बयान में कहा कि यह उपलब्धि प्रदूषण नियंत्रण के लिए अपनाई गई वैज्ञानिक रणनीतियों, विभिन्न सरकारी एजेंसियों के समन्वित प्रयासों और लगातार की जा रही निगरानी का परिणाम है।
लगातार पांच दिनों से ‘संतोषजनक’ श्रेणी में AQI
दिल्ली की हवा लगातार पांच दिनों से ‘संतोषजनक’ (Satisfactory) श्रेणी में बनी हुई है। इस दौरान एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 51 से 100 के बीच दर्ज किया गया। मंगलवार को राजधानी का औसत AQI 64 रहा।
वहीं, प्रदूषण के लिहाज से संवेदनशील माने जाने वाले विवेक विहार क्षेत्र में AQI 43 दर्ज किया गया, जो ‘अच्छी’ (Good) श्रेणी में आता है।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2016 में दिल्ली में पूरे साल के दौरान केवल 110 स्वच्छ हवा वाले दिन दर्ज हुए थे। ऐसे में इस वर्ष अगस्त की शुरुआत तक ही 137 दिन दर्ज होना वायु गुणवत्ता में बड़े सुधार का संकेत माना जा रहा है।
पर्यावरण मंत्री ने बताया टीमवर्क और जागरूकता का परिणाम
दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मंजींदर सिंह सिरसा ने कहा कि राजधानी की हवा में आया सुधार सरकार की प्रभावी योजना, वैज्ञानिक हस्तक्षेप, विभिन्न विभागों की चौबीसों घंटे की मेहनत और नागरिकों की बढ़ती पर्यावरण जागरूकता का संयुक्त परिणाम है।
उन्होंने कहा कि सरकार आगे भी धूल नियंत्रण (डस्ट मिटिगेशन), प्रदूषण हॉटस्पॉट की निगरानी, पुराने कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण (बायोमाइनिंग) और नियमित मॉनिटरिंग जैसे कदमों को और मजबूत करेगी, ताकि दिल्ली की हवा और बेहतर हो सके।
लोगों से की सहयोग की अपील
पर्यावरण मंत्री ने नागरिकों से अपील की कि वे खुले में कचरा जलाने से बचें, अपने वाहनों की नियमित सर्विस कराएं, अनावश्यक वाहन उपयोग कम करें और अधिक से अधिक पौधे लगाएं।
उन्होंने कहा कि प्रदूषण के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार के प्रयासों से नहीं जीती जा सकती, इसमें हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है।
प्रदूषण नियंत्रण के लिए चला व्यापक अभियान
दिल्ली सरकार के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदूषण नियंत्रण अभियान के तहत कई अहम कदम उठाए गए।
- करीब 2,243 मीट्रिक टन निर्माण एवं विध्वंस (C&D) कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया गया।
- वाहन प्रदूषण नियमों के उल्लंघन पर 11,797 चालान जारी किए गए।
- भलस्वा, गाजीपुर और ओखला लैंडफिल साइटों पर 12,277 मीट्रिक टन पुराने कचरे का बायोमाइनिंग के माध्यम से निस्तारण किया गया।
- शहर में 81 मैकेनिकल रोड स्वीपर तैनात किए गए, जिन्होंने लगभग 2,502 किलोमीटर सड़कों की सफाई की और करीब 169 मीट्रिक टन धूल एकत्र कर उसका वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया।
इसके अलावा राजधानी में डस्ट सप्रेशन, प्रदूषण हॉटस्पॉट की निगरानी और दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के साथ समन्वय कर ट्रैफिक प्रबंधन की कार्रवाई भी जारी रही, ताकि वाहनों से होने वाले प्रदूषण और जाम को कम किया जा सके।
Diclaimer : इसका हमारी The भारत SSSRK News24x7 समाचार और राष्ट्र दर्शन (सबसे तेज़, सबसे आगे…),
यह एक आंकलन मात्र है…







