रोहतक की मनीषा सरस्वती मित्तल की शनिवार को शिमला स्थित उनके ही स्कूल में गोली मारकर हत्या कर दी गई। मनीषा काफी समय से तनाव में थी और उन्हें डर था कि भाई समेत तीन लोग उनकी हत्या करा देंगे। जिसके चलते वह पुलिस से भी मदद की गुहार लगा चुकी थी।
लेकिन, पुलिस ने उनकी शिकायत पर कोई एक्शन नहीं लिया और हमलावरों ने दिन दहाड़े गोली मारकर उनकी हत्या कर दी। फिलहाल, पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मनीषा मित्तल का अगर इंटरनेट मीडिया अकाउंट देखें तो उससे साफ दिखाई दे रहा है कि वह पिछले कई महीनों से काफी परेशान थी और उनका उनके भाई हिमांक से प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा था।
जिसकी वजह से उनके बार-बार फोन भी हैक कराए जा रहे थे। इसके वीडियो भी वह अपने इंटरनेट मीडिया पर डाल चुकी थी। उन्हें लगातार जान से मारने की धमकी मिल रही थी। जिसके चलते वह तनाव में थी और इसी तनाव के बीच वह अस्पताल में भी भर्ती हुई थी। उन्हें डर था कि अगर उन्हें कुछ हुआ तो उनकी बेटी का क्या होगा। अब मनीषा की मौत के बाद उनकी बेटी अकेली रह गई है।
मनीषा इंटरनेट मीडिया अकाउंट पर कई वीडियो डाले हैं। जिसमें वह यह दिखाते हुए नजर आ रही हैं कि रोहतक, पानीपत, सोनीपत, महम, जुलाना, अटेली, पलवल समेत कई जगहों से उनका फोन हैक किया जा रहा है। वह शिमला में है और उनके सोशल मीडिया अकाउंट को हरियाणा में कई जगहों पर बैठकर ओपन किया जा रहा है।
मनीषा ने यह भी आरोप लगाया था कि उनके मोबाइल को हैक कर उनके बारे में पता लगाया जा रहा है। वह अपने इंटरनेट मीडिया अकाउंट के पासवर्ड भी नहीं बदल सकती है। उनकी ईमेल आईडी भी हैक कराई जा रही है।
रोहतक में भी है स्कूल
मनीषा के एक करीबी ने बताया कि मित्तल परिवार के रोहतक में भी स्कूल है। शिमला वाले स्कूल को लेकर काफी विवाद चल रहा था। यह विवाद कोर्ट तक पहुंचा हुआ है। मनीषा के शिमला जाने के बाद से विवाद काफी बढ़ गया था। वहीं, मनीषा ने अपने भाई पर अपनी मां को जलाकर मारने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि उसके बाद उनके पिता की भी संदिग्ध हालत में मौत हो गई थी।
मनीषा के मर्डर के बाद उनकी एक वीडियो काफी वायरल हो रही है। इसमें वह रोते हुए कह रही हैं कि और नहीं सहन होता, नहीं हो रहा मुझसे सहन..। इस वीडियो को रविवार शाम 7.30 बजे तक एक लाख 21 हजार लोग देख चुके हैं। इसके कैप्शन में उन्होंने लिखा था कि मेरी मदद करें।



