बेंगलुरु में लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट किए जाने के मामले में एफआईआर दर्ज की गई है। यह मामला बेंगलुरु सिटी साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में दर्ज हुआ है। पुलिस ने एक इंस्टाग्राम पेज और कई अन्य यूजर्स के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी (KPCC) की लीगल सेल के सदस्य सिद्दाराजू ने 27 जुलाई को दर्ज कराई थी।
25 जुलाई को सामने आया कथित आपत्तिजनक वीडियो
एफआईआर के अनुसार, शिकायतकर्ता को 25 जुलाई को एक वीडियो मिला, जिसे कथित तौर पर 16 जुलाई को ‘ground.reality_india’ नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट से पोस्ट किया गया था। लगभग 30 सेकंड के इस वीडियो में राहुल गांधी की तस्वीर के साथ कथित रूप से आपत्तिजनक और अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल किया गया था।
कई यूजर्स के खिलाफ भी दर्ज हुआ मामला
शिकायत में पोस्ट पर की गई कई कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों का भी उल्लेख किया गया है। आरोप है कि कुछ यूजर्स ने अभद्र और अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया। पुलिस ने सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 67 और भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 352 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हाल के दिनों में सरकार पर हमलावर रहे राहुल गांधी
हाल के दिनों में राहुल गांधी केंद्र सरकार पर लगातार हमलावर रहे हैं। दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के बाद उन्होंने सरकार की कार्रवाई की आलोचना की और प्रधानमंत्री आवास के बाहर भी धरना दिया। उन्होंने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को पर्याप्त नहीं बताते हुए गृह मंत्री और प्रधानमंत्री से भी जवाबदेही तय करने की मांग की।
अमित शाह पर लगाए गंभीर आरोप
लोकसभा में राहुल गांधी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर छात्रों पर कथित लाठीचार्ज के लिए जिम्मेदार होने का आरोप लगाया, जिसके बाद सदन में हंगामा हुआ। बाद में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने एक बार फिर केंद्र सरकार को निशाने पर लिया और कहा कि दिल्ली में छात्रों के साथ हुई घटना के लिए गृह मंत्री को पद से हटाया जाना चाहिए। उन्होंने मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में उच्चाधिकार प्राप्त समिति से कराने की मांग भी की।
राहुल गांधी ने यह भी आरोप लगाया कि लोकसभा में उन्हें अपनी बात रखने का अवसर नहीं दिया गया, जबकि सत्ता पक्ष के सदस्यों को बोलने की अनुमति दी गई। उन्होंने कहा कि वे किसी भी परिस्थिति में बीजेपी, आरएसएस या उनसे जुड़े किसी व्यक्ति से माफी नहीं मांगेंगे।
Diclaimer : इसका हमारी The भारत SSSRK News24x7 समाचार और राष्ट्र दर्शन (सबसे तेज़, सबसे आगे…),
यह एक आंकलन मात्र है…





