Home » ताजा खबर » गुड न्यूज! भारत के लिए एलपीजी की बड़ी खेप रवाना, दो टैंकरों ने होर्मुज स्ट्रेट पार किया

गुड न्यूज! भारत के लिए एलपीजी की बड़ी खेप रवाना, दो टैंकरों ने होर्मुज स्ट्रेट पार किया

नई दिल्ली: होर्मुज स्ट्रेट से दो भारतीय एलपीजी टैंकर सुरक्षित निकलकर भारत की ओर रवाना हो गए हैं। पोर्ट्स, शिपिंग और जलमार्ग मंत्रालय के अनुसार ‘जग वसंत’ और ‘पाइन गैस’ नाम के ये दोनों जहाज सोमवार शाम सामरिक रूप से अहम स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को पार कर चुके हैं। मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच इनका सुरक्षित निकलना भारत की ऊर्जा सुरक्षा के लिए राहत की खबर माना जा रहा है।

मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, दोनों टैंकरों में कुल 92,612.59 मीट्रिक टन एलपीजी लदा हुआ है। यह खेप देश में घरेलू गैस आपूर्ति बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। दोनों जहाज अब सुरक्षित रूप से आगे बढ़ चुके हैं और इनके 26 से 28 मार्च के बीच भारतीय बंदरगाहों पर पहुंचने की संभावना है।

जहाजों पर कुल 60 भारतीय नाविक सवार हैं—‘जग वसंत’ पर 33 और ‘पाइन गैस’ पर 27 क्रू मेंबर तैनात हैं। संवेदनशील समुद्री मार्ग से सुरक्षित गुजरने के बाद अब शिपिंग मंत्रालय और भारतीय नौसेना इन जहाजों की लगातार निगरानी कर रहे हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।

गौरतलब है कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल और गैस परिवहन मार्गों में से एक है, जहां से वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति का बड़ा हिस्सा गुजरता है। ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव के कारण इस क्षेत्र में शिपिंग गतिविधियां प्रभावित होने का खतरा बना हुआ है। हालांकि ईरान ने स्पष्ट किया है कि वह केवल अपने विरोधी देशों के जहाजों पर ही प्रतिबंध लगाएगा।

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This