मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध का असर अब भारत में भी दिखने लगा है। अंतरराष्ट्रीय तनाव के बीच देश में एलपीजी सिलेंडर की किल्लत गहराती जा रही है। सरकार लगातार लोगों से पैनिक बुकिंग से बचने की अपील कर रही है, लेकिन इसके बावजूद कई शहरों में गैस एजेंसियों और गोदामों के बाहर लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। कई लोग सुबह से लाइन में लगकर सिलेंडर का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन कई को शाम तक खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।
जमाखोरी के खिलाफ देशभर में कार्रवाई
एलपीजी संकट के बीच सरकार कालाबाजारी और जमाखोरी पर सख्त हो गई है। अलग-अलग राज्यों में पुलिस और प्रशासन लगातार छापेमारी कर रहे हैं। महंगे दामों पर सिलेंडर बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है और कई लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। हालात ऐसे हो गए हैं कि कई होटल और रेस्टोरेंट अब इंडक्शन चूल्हे या कोयले के सहारे काम चलाने को मजबूर हैं। मुंबई से लेकर उत्तर प्रदेश तक एलपीजी की जमाखोरी करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।
भोपाल में हजारों सिलेंडर बरामद
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बंद पड़ी गैस एजेंसी से सैकड़ों सिलेंडर बरामद किए हैं। पुलिस और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में यहां से 668 सिलेंडर जब्त किए गए। इसके अलावा तीन ट्रकों में भरे सिलेंडर भी मिले। जांच के दौरान 1574 ऐसे सिलेंडर भी बरामद हुए, जिनका रजिस्टर में कोई रिकॉर्ड नहीं था। आरोप है कि एजेंसी संकट के दौरान महंगे दामों पर सिलेंडर बेच रही थी।
मुंबई में भी छापेमारी
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में भी एलपीजी की कालाबाजारी पर कार्रवाई तेज हो गई है। वर्ली इलाके में प्रशासन ने छापेमारी कर घरेलू और कमर्शियल सिलेंडर जब्त किए। कार्रवाई के दौरान 5 किलो के 6 भरे हुए और 58 खाली सिलेंडर बरामद किए गए। आरोप है कि यहां अवैध तरीके से सिलेंडर भरकर बेचे जा रहे थे। एलपीजी संकट के चलते मुंबई के कई रेस्टोरेंट्स को बंद करना पड़ा है, जबकि कुछ जगहों पर अब कोयले और लकड़ी के चूल्हों पर खाना बनाया जा रहा है।
यूपी में सिलेंडर के लिए लंबी कतारें
उत्तर प्रदेश में भी एलपीजी संकट के बीच प्रशासन अलर्ट मोड में है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर मुरादाबाद में जिलापूर्ति अधिकारी ने एक गैस एजेंसी पर छापेमारी की। एजेंसी के खिलाफ अनियमितताओं की शिकायत मिली थी। जांच के दौरान बुकिंग और डिलिवरी में गड़बड़ी सामने आने के बाद गैस गोदाम को सील कर दिया गया। नोएडा समेत कई शहरों में लोगों को सिलेंडर के लिए लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है।
छत्तीसगढ़ में भी कार्रवाई
छत्तीसगढ़ में भी सरकार ने एलपीजी जमाखोरी के खिलाफ अभियान चलाया है। राज्य में 102 स्थानों पर छापेमारी की गई, जिसमें कुल 741 सिलेंडर जब्त किए गए। रायपुर में सबसे ज्यादा 392 सिलेंडर बरामद हुए हैं। ऑनलाइन बुकिंग के बावजूद समय पर सिलेंडर नहीं मिलने से लोग गैस गोदामों के बाहर सुबह से कतार में खड़े दिखाई दे रहे हैं।
एलपीजी संकट के बीच सरकार लगातार निगरानी बनाए हुए है और जमाखोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। हालांकि आम लोगों की परेशानी फिलहाल कम होती नजर नहीं आ रही है।



