Home » ताजा खबर » **हिमाचल में 15 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट, कुल्लू में एक की मौत; सोलन और सिरमौर में स्कूल बंद, भूस्खलन का खतरा**

**हिमाचल में 15 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट, कुल्लू में एक की मौत; सोलन और सिरमौर में स्कूल बंद, भूस्खलन का खतरा**

हिमाचल में बारिश का कहर जारी, 15 जुलाई तक भारी वर्षा का अलर्ट; कुल्लू में एक की मौत, कई जिलों में जनजीवन प्रभावित

शिमला: हिमाचल प्रदेश में मानसून लगातार कहर बरपा रहा है। भारी बारिश के चलते प्रदेश के कई हिस्सों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग (IMD) ने 15 जुलाई तक राज्य के विभिन्न इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताते हुए भूस्खलन, अचानक बाढ़, पेड़ गिरने और सड़कें बाधित होने की चेतावनी जारी की है। खराब मौसम को देखते हुए सिरमौर और सोलन जिलों में शुक्रवार को सभी सरकारी और निजी स्कूलों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रखे गए।

कुल्लू में एक की मौत, 124 सड़कें बंद

लगातार हो रही बारिश के बीच कुल्लू जिले में एक व्यक्ति की मौत की खबर है। राज्य आपदा प्रबंधन से मिली जानकारी के अनुसार, प्रदेशभर में 124 सड़कें बंद हैं, 442 बिजली ट्रांसफार्मर ठप पड़े हैं और 19 पेयजल योजनाएं प्रभावित हुई हैं।

सिरमौर में सबसे अधिक बारिश, औद्योगिक क्षेत्र जलमग्न

भारी वर्षा का सबसे ज्यादा असर सिरमौर जिले में देखने को मिला। काला अंब औद्योगिक क्षेत्र समेत कई इलाकों में जलभराव से सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। जिले के पच्छाद में सबसे अधिक 207 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा नाहन में 158.5 मिमी, धौलाकुआं में 70 मिमी और पांवटा साहिब में 62.8 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।

शिमला में दीवार गिरी, दो वाहन क्षतिग्रस्त

राजधानी शिमला में भी लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर नुकसान हुआ। विकासनगर क्षेत्र में एक इमारत की सुरक्षा दीवार गिरने से सड़क किनारे खड़े दो वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं, जिले में 27 सड़कें बंद कर दी गई हैं। सुन्नी क्षेत्र के ब्रैंडली गांव में एक मकान की सुरक्षा दीवार भी क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI) परिसर में पानी भरने के बाद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

नदियां और नाले उफान पर, प्रशासन ने जारी की चेतावनी

मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों में सिरमौर जिले के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है। लगातार बारिश के चलते टोंस, यमुना, बाटा, गिरि और मार्कंडा नदियों सहित कई छोटे-बड़े नाले उफान पर हैं। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के आसपास न जाने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

जिले में 34 सड़कें प्रभावित

लोक निर्माण विभाग (PWD) के अनुसार, सिरमौर जिले में कुल 34 सड़कें बंद हैं। इनमें शिलाई उपमंडल की 21, संगड़ाह की 8, नाहन की 4 और राजगढ़ की 1 सड़क शामिल है। सड़कें बंद होने से कई ग्रामीण क्षेत्रों का संपर्क प्रभावित हुआ है।

सिरमौर और सोलन में स्कूल बंद

भारी बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए प्रशासन ने सिरमौर और सोलन जिलों के सभी सरकारी और निजी स्कूलों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया है। यह निर्णय छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के तहत लिया गया। हालांकि, शिक्षण और गैर-शिक्षण कर्मचारियों को अपने-अपने संस्थानों में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।

मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने, प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने और खराब मौसम के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों की यात्रा से बचने की सलाह दी है।

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This

Recent Post