स्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली हाई अलर्ट पर, लाल किले की सुरक्षा के लिए 12 हजार पुलिसकर्मी तैनात
नई दिल्ली: 15 अगस्त के स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियों ने संभावित ‘स्नैप प्रोटेस्ट’, पाकिस्तान समर्थित आतंकी संगठनों और खालिस्तानी तत्वों से जुड़े खतरे को देखते हुए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। लाल किले पर आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में करीब 24 हजार मेहमानों के शामिल होने की संभावना है।
लाल किले की सुरक्षा में 12 हजार पुलिसकर्मी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वतंत्रता दिवस समारोह की सुरक्षा के लिए करीब 12 हजार दिल्ली पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। दिल्ली पुलिस के साथ विभिन्न केंद्रीय सुरक्षा बल और खुफिया एजेंसियां भी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगी। लाल किले और उसके आसपास 1,000 से अधिक AI आधारित CCTV कैमरे लगाए गए हैं, जिनके जरिए हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी।
AI निगरानी के साथ QRT, SWAT और स्नाइपर्स रहेंगे तैनात
सुरक्षा व्यवस्था में AI वीडियो एनालिटिक्स के जरिए रियल-टाइम मॉनिटरिंग, भीड़ प्रबंधन और संदिग्ध गतिविधियों की पहचान की जाएगी। इसके अलावा एक्सेस कंट्रोल और एंटी-सबोटाज जांच को भी सख्ती से लागू किया जाएगा। सुरक्षा घेरा मजबूत करने के लिए QRT (क्विक रिएक्शन टीम), SWAT कमांडो, स्नाइपर्स, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की तैनाती की जाएगी।
वाहनों की सघन जांच और संवेदनशील इलाकों में चौकसी
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर दिल्ली पुलिस राजधानी भर में वाहनों की सघन जांच, लगातार गश्त और कड़ी निगरानी करेगी। सरकारी कार्यालयों, संवेदनशील क्षेत्रों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों और अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
लुटियंस दिल्ली में विशेष सुरक्षा प्लान
खुफिया एजेंसियों से मिले इनपुट के आधार पर दिल्ली पुलिस ने लुटियंस दिल्ली के लिए विशेष सुरक्षा ब्लूप्रिंट तैयार किया है। प्रमुख सड़कों पर बैरिकेडिंग की जाएगी और हर वाहन की जांच के बाद ही उसे आगे बढ़ने की अनुमति मिलेगी। पूरे क्षेत्र में सुरक्षा जांच पहले से अधिक सख्त रहेगी।
लाल किले से देश को संबोधित करेंगे प्रधानमंत्री
हर वर्ष की तरह इस बार भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 अगस्त को ऐतिहासिक लाल किले की प्राचीर से राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद देश को संबोधित करेंगे। इस दौरान सरकार की प्रमुख उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं को देश के सामने रखा जाएगा।
पार्किंग और ट्रैफिक के लिए विशेष व्यवस्था
समारोह में वीवीआईपी मूवमेंट और बड़ी संख्या में मेहमानों के पहुंचने को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने विशेष ट्रैफिक और पार्किंग प्लान तैयार किया है। लाल किले की ओर जाने वाले मार्गों का रूट मैप तय किया गया है, ताकि सुरक्षा के साथ यातायात भी सुचारु रूप से संचालित हो सके।
Diclaimer : इसका हमारी The भारत SSSRK News24x7 समाचार और राष्ट्र दर्शन (सबसे तेज़, सबसे आगे…),
यह एक आंकलन मात्र है…







