अयोध्या: राम मंदिर में चढ़ावे की रकम चोरी के मामले में पुलिस की जांच लगातार तेज होती जा रही है। इस बीच जांच में कई अहम खुलासे हुए हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मंदिर में सबसे बड़ी चोरी महाकुंभ के दौरान हुई थी, जब श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण चढ़ावे की राशि में काफी बढ़ोतरी हुई थी। आरोपियों ने इसी अवसर का फायदा उठाकर करोड़ों रुपये के चढ़ावे में सेंध लगाई।
कुंभ मेले के दौरान बनाया था चोरी का प्लान
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए आठों आरोपियों ने मिलकर सुनियोजित तरीके से चोरी की साजिश रची थी। शुरुआती जांच के अनुसार, इनमें से कुछ आरोपी महाकुंभ से पहले भी छोटी-मोटी चोरी की घटनाओं में शामिल रहे थे। लेकिन कुंभ के दौरान चढ़ावे की रकम बढ़ने पर उन्होंने बड़े स्तर पर चोरी को अंजाम दिया।
जीजा-साले ने की सबसे ज्यादा चोरी
जांच एजेंसियों के मुताबिक, जीजा-साले लवकुश मिश्रा और अनुकल्प मिश्रा इस पूरे गिरोह के प्रमुख सदस्य थे और सबसे अधिक रकम इन्होंने ही चोरी की। पुलिस का दावा है कि चोरी के पैसों से दोनों ने कई संपत्तियां खरीदीं। अब तक पुलिस को दोनों के नाम पर 5 से 6 संपत्तियों की जानकारी मिल चुकी है, जिनकी जांच की जा रही है।
आयकर विभाग की भी ली जा रही मदद
अयोध्या पुलिस आरोपियों की वित्तीय लेन-देन और संपत्तियों की जांच के लिए आयकर विभाग की भी सहायता ले रही है। पुलिस का मानना है कि चोरी की रकम का इस्तेमाल कहां-कहां किया गया, इसकी पूरी जानकारी वित्तीय जांच के बाद सामने आएगी।
SBI के कुछ कर्मचारी भी जांच के दायरे में
सूत्रों के अनुसार, इस मामले में SBI के कुछ कर्मचारियों की भूमिका भी संदेह के घेरे में है। चूंकि मंदिर के चढ़ावे की नकदी का प्रबंधन बैंक के जिम्मे था, इसलिए पुलिस बैंकिंग प्रक्रिया में संभावित लापरवाही या मिलीभगत की भी जांच कर रही है।
70 लोगों को भेजे गए नोटिस
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच कर रही एसआईटी (SIT) ने प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और बैंकिंग सिस्टम से जुड़े करीब 70 लोगों को पूछताछ के लिए नोटिस जारी किए हैं। जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और पुलिस लगातार आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
हाल ही में पुलिस ने जेल में बंद आरोपी अविनाश शुक्ला से करीब दो घंटे तक पूछताछ की थी। अब टिन्नू यादव समेत अन्य आरोपियों से भी पूछताछ की तैयारी है। इस मामले में अब तक कुल आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले में कई और बड़े खुलासे तथा कार्रवाई हो सकती है।






