Home » ताजा खबर » हिमंता बिस्वा सरमा का बड़ा बयान, शपथ से पहले मां कामाख्या और श्रीमंत शंकरदेव को किया नमन

हिमंता बिस्वा सरमा का बड़ा बयान, शपथ से पहले मां कामाख्या और श्रीमंत शंकरदेव को किया नमन

गुवाहाटी: आज दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे हिमंता बिस्वा सरमा

असम में नई सरकार के गठन की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। बीजेपी नेता हिमंता बिस्वा सरमा आज दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। शपथ ग्रहण समारोह से पहले उन्होंने कहा कि नई सरकार का सबसे बड़ा लक्ष्य बीजेपी के चुनावी घोषणा पत्र को पूरी तरह लागू करना होगा।

मीडिया से बातचीत में सरमा ने बताया कि शपथ लेने के तुरंत बाद कैबिनेट की पहली बैठक आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार का पूरा ध्यान जनता से किए गए वादों को पूरा करने और विकास कार्यों को तेज गति देने पर रहेगा। सरमा ने विश्वास जताया कि मां कामाख्या के आशीर्वाद से असम आने वाले समय में विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा।

मां कामाख्या और श्रीमंत शंकरदेव का लिया आशीर्वाद

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर हिमंता बिस्वा सरमा ने लिखा कि मां कामाख्या और महापुरुष श्रीमंत शंकरदेव के आशीर्वाद से असम के लोगों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि आएगी। उन्होंने कहा कि राज्य लगातार प्रगति के रास्ते पर आगे बढ़ेगा।

आज होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और एनडीए शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री शामिल होंगे।

राज्यपाल को सौंपा था सरकार बनाने का दावा

इससे पहले सोमवार को असम के मुख्य सचिव रवि कोटा ने राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य के निर्देश पर हिमंता बिस्वा सरमा की मुख्यमंत्री पद पर नियुक्ति का आदेश जारी किया था। यह नियुक्ति भारतीय संविधान के अनुच्छेद 164(1) के तहत की गई।

शपथ ग्रहण समारोह आज सुबह 11:40 बजे गुवाहाटी के खानापारा स्थित वेटरिनरी कॉलेज फील्ड में आयोजित किया जाएगा। समारोह से पहले सरमा ने राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया था।

असम चुनाव में NDA को मिला प्रचंड बहुमत

126 सदस्यीय असम विधानसभा चुनाव में एनडीए ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 102 सीटों पर जीत दर्ज की। इनमें बीजेपी को 82 सीटें मिलीं, जबकि सहयोगी दल AGP और BPF ने 10-10 सीटें जीतीं।

वहीं विपक्षी कांग्रेस गठबंधन को 19 सीटें हासिल हुईं। रायजोर दल और AIUDF को 2-2 सीटें मिलीं, जबकि TMC को 1 सीट पर जीत मिली। असम जातीय परिषद (AJP) अपना खाता भी नहीं खोल सकी।

sssrknews
Author: sssrknews

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This

Recent Post